,

MCU की छात्र राजनीति में भूचाल, ABVP के 20 पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा

Author Picture
Published On: 21 February 2026

भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) की छात्र राजनीति में अचानक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े विश्वविद्यालय इकाई के महासचिव (मंत्री) आदित्य शर्मा, उपाध्यक्ष सोनम सिंह, दो सहमंत्रियों सहित करीब 16 कार्यकारिणी सदस्यों ने एक साथ अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।

सूत्रों के अनुसार इस्तीफों के पीछे संगठन के भीतर चल रही अंदरूनी राजनीति को मुख्य कारण बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नई कार्यकारिणी के गठन और पदों के वितरण को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ था। जानकारी के मुताबिक, कार्यकारिणी में प्रथम वर्ष के छात्र को महासचिव बनाए जाने को लेकर भी संगठन के भीतर मतभेद उभर आए थे। सूत्रों का यह भी कहना है कि इकाई की पूर्व अध्यक्ष ने भी नए पदाधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की थी।

पूर्व मंत्री ने दी प्रतिक्रिया

एबीवीपी इकाई के पूर्व मंत्री आदित्य शर्मा ने बताया कि वे विधार्थी परिषद से जुड़े हुए है उन्होंने केवल इकाई के दायित्व से इस्तीफा दिया है। हालांकि, अभी तक उन्होंने अंदरूनी कलह को खुलकर सामने नहीं रखा है।

एनएसयूआई से जुड़े अमन ने लगाए आरोप

इस पूरे मामले पर एनएसयूआई इकाई से जुड़े अमन पठान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है उन्होंने कहा “एबीवीपी की अंदरूनी कलह अब साफ तौर पर सामने आई है। पूर्व अध्यक्ष की तानाशाही के चलते इस सत्र में भी पदाधिकारी इस्तीफे की भेंट चढ़ गए। उन्होंने यह भी बताया की कुछ कार्यकर्ताओं को एनएसयूआई में जुड़वाने को लेकर मंथन चल रहा है।”

इस्तीफे के बाद मचा हड़कंप

करीब 30 से अधिक सदस्यों वाली कार्यकारिणी में एक साथ लगभग 20 पदाधिकारियों के इस्तीफे को छात्र राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।
फिलहाल इस मामले पर संगठन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन विश्वविद्यालय परिसर में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp