, ,

MP कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का आरोप, “भाजपा ने MP को कर्ज के दलदल में धकेला”

Author Picture
Published On: 11 September 2025

MP कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वित्तीय हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब सरकार को ब्याज चुकाने के लिए भी नया कर्ज लेना पड़ रहा है। पटवारी का दावा है कि भाजपा ने वित्तीय अनुशासन की पूरी तरह अनदेखी कर दी है और जनता पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।

कर्ज का आंकड़ा

कांग्रेस अध्यक्ष ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि मार्च 2024 तक प्रदेश पर कुल कर्ज 3.75 लाख करोड़ रुपये था। मार्च 2025 तक यह बढ़कर 4.21 लाख करोड़ हो गया। वहीं, जुलाई 2025 तक लगातार नए कर्ज लेने से यह आंकड़ा 4.35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। पटवारी ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार लगभग 4 लाख करोड़ का कर्ज छोड़कर गई थी और अब मुख्यमंत्री मोहन यादव भी उसी रास्ते पर चल रहे हैं।

ब्याज चुकाने के लिए भी कर्ज

पटवारी ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक हालत इतनी बिगड़ चुकी है कि अब सरकार को सिर्फ ब्याज चुकाने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, मौजूदा कर्ज पर सालाना ब्याज करीब 29,700 करोड़ रुपये बैठता है। यानी हर साल राज्य की कमाई का बड़ा हिस्सा केवल ब्याज चुकाने में निकल जाता है, जिससे विकास कार्यों पर खर्च करने के लिए पैसे ही नहीं बचते।

162 दिनों में 25 हजार करोड़ का कर्ज

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सिर्फ 162 दिनों (अप्रैल से सितंबर 2025 तक) में ही 25 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज ले लिया है। इसका मतलब है कि औसतन हर दिन करीब 154 करोड़ रुपये का नया कर्ज लिया गया। वहीं, हर हफ्ते यह आंकड़ा 1,078 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। पटवारी ने कहा कि यह साफ दिखाता है कि सरकार अब “कर्ज लेकर कर्ज चुकाने” की स्थिति में आ गई है।

जनता पर बढ़ा बोझ

प्रदेश की जनसंख्या करीब 8 करोड़ मानी जाए तो मौजूदा कुल कर्ज 4.35 लाख करोड़ के हिसाब से हर नागरिक पर औसतन 54,375 रुपये का कर्ज हो चुका है। पटवारी ने कहा कि भाजपा की नीतियों और भ्रष्टाचार का सीधा बोझ अब हर परिवार और हर नागरिक पर पड़ रहा है।

कांग्रेस का सीधा सवाल

  • आखिर यह कर्ज चुकाएगा कौन?
  • क्या प्रदेश की जनता हमेशा कर्ज और ब्याज का बोझ उठाती रहेगी?
  • भाजपा नेताओं की ऐशो-आराम की राजनीति का भुगतान क्यों जनता को करना पड़ रहा है?

जनता से हिसाब मांगने का आह्वान

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने सिर्फ चुनावी भाषणों और प्रचार की राजनीति की है। आर्थिक मोर्चे पर प्रदेश की स्थिति को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया है। अब वक्त आ गया है कि जनता भाजपा से हिसाब मांगे और इस कर्ज के जाल से प्रदेश को बाहर निकाले।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp