, ,

भोपाल समेत पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा MP का स्थापना दिवस, CM ने लिया तैयारियों का जायजा

Author Picture
Published On: 22 August 2025

भोपाल | मध्यप्रदेश (MP) का स्थापना दिवस इस साल राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रदेशवासियों के लिए गर्व, उल्लास और उमंग का अवसर है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों, खासकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

लाल परेड मैदान बनेगा आकर्षण का केंद्र

1 नवंबर को भोपाल के लाल परेड मैदान पर राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस मौके पर सम्राट विक्रमादित्य के जीवन और शौर्य पर आधारित महानाट्य का मंचन किया जाएगा। यह नाट्य प्रस्तुति जनकल्याण और सुशासन के प्रतीक विक्रमादित्य के योगदान को नए अंदाज में जनता के सामने लाएगी। इससे पहले दिल्ली में भी इसका मंचन हुआ था, जिसे लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक विविधता भी देखने को मिलेगी। प्रख्यात कलाकार सुगम संगीत की प्रस्तुति देंगे और शाम को आकाश ड्रोन-शो से चमक उठेगा। ड्रोन-शो की तैयारियाँ विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की देखरेख में की जा रही हैं।

जिले भी रहेंगे शामिल

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्थापना दिवस केवल राजधानी तक सीमित न रहे, बल्कि हर जिले में इसका आयोजन हो। जिला मुख्यालयों पर स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। सभी सरकारी भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला पर्यटन परिषद को भी इस उत्सव से जोड़ा जाए, ताकि हर क्षेत्र की पहचान और उपलब्धियाँ सामने आ सकें।

महिलाओं और युवाओं पर रहेगा जोर

डॉ. यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के प्रतीक स्व-सहायता समूह की बहनों को कार्यक्रमों में प्रमुखता से शामिल किया जाए। उन्होंने युवाओं से अधिक जुड़ाव पर भी बल दिया। शिक्षा विभाग की मदद से सामान्य ज्ञान और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उपलब्धियों की झलक

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थापना दिवस केवल सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं होगा, बल्कि यह प्रदेश की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करने का अवसर है। स्वास्थ्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, सुशासन और नवाचार के क्षेत्र में हुई प्रगति को प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके बेहतर क्रियान्वयन की जानकारी भी लोगों तक पहुंचनी चाहिए। इस अवसर पर विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें आम जनता को योजनाओं के लाभ और उपलब्धियां दिखाई जाएंगी।

तैयारियों पर सख्त नजर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की तैयारियों में कोई कमी न रहे। राजधानी से लेकर जिलों तक हर आयोजन गरिमामय और आकर्षक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दिन हर नागरिक के लिए खास है, इसलिए जनभागीदारी सबसे जरूरी है।

तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, आयुक्त एवं सचिव जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाड़े और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

स्थापना दिवस बनेगा उत्सव का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने बीते वर्षों में कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। अब समय है कि इन उपलब्धियों को हर नागरिक तक पहुँचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थापना दिवस को सिर्फ एक औपचारिक आयोजन न मानें, बल्कि इसे उत्सव का प्रतीक बनाएं, जिसमें हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp