MP में बड़े निवेश की जमीन तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव आज हैदराबाद में दक्षिण भारत के उद्योग जगत के दिग्गजों से सीधा संवाद करेंगे। पूरे दिन चलने वाले इस दौरे में सीएम कई अहम मीटिंग्स, रोड शो और वन-टू-वन सत्रों में हिस्सा लेंगे। राज्य सरकार मानती है कि दक्षिण भारत के पास तकनीक, नवाचार और उद्योगों का विशाल बैंक है, और मध्यप्रदेश इन सेक्टरों के साथ साझेदारी कर अपना औद्योगिक विस्तार तेज करना चाहता है।
दौरे की शुरुआत सीएम के ग्रीनको मुख्यालय पहुंचने से होगी। यहां ऊर्जा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रस्तावित सहयोग पर चर्चा होगी। ग्रीनको देश की अग्रणी ग्रीन एनर्जी कंपनियों में से एक है और मध्यप्रदेश सरकार क्लीन एनर्जी, स्टोरेज और हाइब्रिड प्रोजेक्ट्स में निवेश बढ़ाना चाहती है। बैठक में राज्य और कंपनी के बीच संयुक्त परियोजनाओं पर भी चर्चा होगी।
इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश
इसके बाद मुख्यमंत्री द लीला होटल में आयोजित मुख्य सत्र में उद्योगपतियों को संबोधित करेंगे। सत्र का फोकस ‘इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ होगा, जहां वे बताएंगे कि कैसे राज्य की नई औद्योगिक नीतियां, विकसित कॉरिडोर, लैंड बैंक, हाईवे नेटवर्क और तेज़ी से सुधरते लॉजिस्टिक सिस्टम निवेशकों को नया गंतव्य दे रहे हैं। मुख्यमंत्री इसके बाद उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग्स करेंगे। इनमें IT, ITES, ESDM, बायोटेक, मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग और MSME सेक्टर से जुड़े निवेश प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा होगी। कई कंपनियां MP में अपने नए प्रोजेक्ट्स की रुचि पहले ही जता चुकी हैं।
निवेश, नवाचार और विकास
मध्यप्रदेश, भारत का नया निवेश गंतव्यमुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज हैदराबाद में “इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश” का करेंगे शुभारंभ @DrMohanYadav51 @CMMadhyaPradesh#InvestInMP #JansamparkMP pic.twitter.com/JiOzas5m8q
— Jansampark MP (@JansamparkMP) November 22, 2025
राउंड टेबल मीटिंग
दौरे का एक बड़ा आकर्षण बायोटेक सेक्टर पर केंद्रित राउंड टेबल मीटिंग होगी। इसमें राज्य में रिसर्च-आधारित उद्योग, लाइफ साइंसेज़, फार्मा, बायोटेक पार्क्स और इनोवेशन हब को विकसित करने के लिए साझा संभावनाओं की समीक्षा की जाएगी। उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह इस पूरे कार्यक्रम में निवेशकों को MP की नीतियों और ग्राउंड-लेवल सुविधाओं की जानकारी देंगे। वे बताएंगे कि राज्य कैसे औद्योगिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करने और सेक्टर-आधारित क्लस्टर्स बनाने पर काम कर रहा है।
दिनभर चलने वाली इन बैठकों में कई उद्योग समूह अपने निवेश प्रस्तावों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत बातचीत करेंगे। सरकार का दावा है कि यह दौरा मध्यप्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश की ओर एक और महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
