MP सरकार के मंत्री विजय शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश महिला कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। यह आंदोलन महिला सम्मान से जुड़े बयान को लेकर किया गया, जिसे महिला कांग्रेस ने अपमानजनक और अस्वीकार्य बताया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा और पुलिस को हालात संभालने के लिए कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी।प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुईं। वहां से सभी महिलाएं जुलूस के रूप में श्यामला हिल्स स्थित विजय शाह के बंगले की ओर रवाना हुईं। हाथों में तख्तियां और नारे लिखे बैनर लेकर महिलाएं नारेबाजी करती हुई आगे बढ़ीं।
जुलूस आगे बढ़ते ही पुलिस ने रास्ते में नाकाबंदी कर दी और प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। महिला कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी और विजय शाह के इस्तीफे की मांग दोहराई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
रीना सेतिया ने दी गिरफ्तारी
महिलाओं के साथ खड़े होने का संदेश देते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने भी स्वयं गिरफ्तारी दी। उनके साथ सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहनों में भरकर थाने ले जाया गया। गिरफ्तारी के दौरान भी महिलाएं लगातार नारे लगाती रहीं। महिला कांग्रेस का आरोप है कि हाल ही में रतलाम में एक बैठक के दौरान मंत्री विजय शाह ने लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर महिला कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। बीते दो दिनों में कई जिलों में विजय शाह के पुतले भी जलाए गए।
महिलाओं की आवाज़ उठाने पर
श्रीमती रीना बौरासी सेतिया जी के नेतृत्व में
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका गया
और बहनों को हिरासत में लिया गया।महिलाओं का अपमान करने वाले मंत्री को इस्तीफ़ा देना होगा। pic.twitter.com/WESjbxpz0U
— Madhyapradesh mahila congress (@mppmc1234) December 19, 2025
महिला सम्मान से समझौता नहीं
गिरफ्तारी के बाद मीडिया से चर्चा में रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि सरकार का कोई भी मंत्री अगर महिलाओं का अनादर करेगा, तो महिला कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। महिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विजय शाह को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। सेतिया ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उनका कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ एक बयान की नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की है।
