,

बकाया टैक्स पर सख्त हुआ भोपाल नगर निगम, 7 संपत्तियां कुर्क; 5 नल कनेक्शन काटे

Author Picture
Published On: 21 February 2026

भोपाल नगर निगम ने संपत्ति कर और जल कर के बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की और नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को निगम अमले ने अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर 7 संपत्तियां कुर्क कीं, जबकि 5 बकायादारों के नल कनेक्शन काट दिए गए। निगम अधिकारियों का कहना है कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं करने पर यह कदम उठाया गया।

जोन नंबर-04 के अंतर्गत वार्ड-13 स्थित फिरदौस नगर बैरासिया रोड क्षेत्र में कई बकायादारों पर कार्रवाई की गई। एजाज मो. खान पर 2 लाख 33 हजार 784 रुपए, हामिदा खान पर 1 लाख 40 हजार 408 रुपए और हसीब खान पर 1 लाख 60 हजार 881 रुपए संपत्ति कर बकाया था। इसी क्षेत्र की 98 संत कंवरराम कॉलोनी के दिलीप गिरधानी पर 3 लाख 33 हजार 572 रुपए बकाया पाए गए। भुगतान न होने पर इनकी संपत्तियां कुर्क की गईं।

भोपाल नगर निगम

इसी जोन के वार्ड-17 ईसाईगंज बैरसिया रोड के जय प्रकाश पालीवाल और रविदासपुरा छोला रोड निवासी महेंद्र कुमार विश्वकर्मा के खिलाफ भी निगम ने कार्रवाई की। पालीवाल पर 1 लाख 53 हजार 288 रुपए और विश्वकर्मा पर 99 हजार 667 रुपए का संपत्ति कर बकाया था। वहीं इब्राहिमगंज के पन्नालाल द्वारा 2 लाख 69 हजार 155 रुपए की राशि जमा नहीं करने पर उनकी संपत्ति कुर्क कर दी गई।

जल कर न भरने पर कनेक्शन काटे

निगम के जोन नंबर-2 के अमले ने वार्ड-21 में जल अभिकर नहीं चुकाने वाले 5 बकायादारों के नल कनेक्शन भी काट दिए। अधिकारियों का कहना है कि जल कर की राशि समय पर जमा न होने से निगम की सेवाओं पर असर पड़ता है, इसलिए सख्ती जरूरी है।

दी जा रही चेतावनी

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जिन करदाताओं पर बकाया राशि लंबित है, वे जल्द से जल्द भुगतान करें। अन्यथा कुर्की और सेवा विच्छेदन की कार्रवाई जारी रहेगी। निगम प्रशासन का कहना है कि कर वसूली से ही शहर की सफाई, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का संचालन संभव है। इसलिए समय पर कर जमा करना नागरिकों की जिम्मेदारी भी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp