NEET PG काउंसलिंग में शामिल अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने ऑल इंडिया कोटा की खाली पड़ी सीटों को भरने के लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। यह राउंड उन उम्मीदवारों के लिए अंतिम अवसर माना जा रहा है, जिन्हें पहले चरणों में सीट आवंटित नहीं हो सकी या जिन्होंने अब तक प्रवेश नहीं लिया है।
एमसीसी के अनुसार, इस अंतिम काउंसलिंग प्रक्रिया की समयसीमा 28 फरवरी तय की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थियों को तय तिथियों के भीतर अपनी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। रजिस्ट्रेशन 18 फरवरी तक किए जा चुके हैं, जबकि 19 फरवरी तक उम्मीदवार अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन कर सकेंगे।
NEET PG
अभ्यर्थियों के लिए चॉइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर चॉइस लॉक नहीं की जाती है, तो सिस्टम स्वतः अंतिम सेव की गई प्राथमिकताओं के आधार पर विकल्प मान्य कर लेगा। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट moc.nic.in पर जाकर सावधानीपूर्वक कॉलेज और कोर्स का चयन करें।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
स्ट्रे वैकेंसी राउंड मुख्य रूप से उन सीटों के लिए आयोजित किया जाता है, जो पिछले राउंड के बाद भी खाली रह जाती हैं। इसमें भाग लेने के लिए पात्रता नियमों का पालन अनिवार्य है। पहले से किसी सीट पर प्रवेश ले चुके अभ्यर्थी सामान्यतः इस राउंड में शामिल नहीं हो सकते। ऐसे में उम्मीदवारों को दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़कर ही आवेदन करना चाहिए।
दस्तावेज तैयार रखें
सीट आवंटन के बाद उम्मीदवारों को निर्धारित समय में संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। इसके लिए मूल दस्तावेज, नीट पीजी स्कोर कार्ड, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र तैयार रखना जरूरी है। अंतिम चरण होने के कारण समय प्रबंधन बेहद अहम रहेगा।
