भोपाल को इस साल के अंत तक एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। निशातपुरा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह आरओबी नए और पुराने शहर के बीच आवागमन को आसान बना देगा। इसके शुरू होने से राजधानी के करीब 9 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
शनिवार को मंत्री विश्वास सारंग ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर आरओबी के काम का जायजा लिया। मौके पर अधिकारियों से प्रगति को लेकर चर्चा हुई और निर्माण से जुड़ी तकनीकी जानकारियां ली गईं। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि काम तय समय-सीमा के अनुसार आगे बढ़े, इसके लिए किन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
पहला ROB
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि यह आरओबी देश का पहला ऐसा पुल होगा, जो एक साथ सात रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरेगा। यह ब्रिज भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 से शुरू होकर छोला खेड़ापति हनुमान मंदिर तक जाएगा। इतनी बड़ी संरचना होने के कारण इसे इंजीनियरिंग की दृष्टि से भी खास माना जा रहा है। आरओबी के चालू होते ही करोंद, बैरसिया, बैरागढ़ और विदिशा की ओर से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। भोपाल रेलवे स्टेशन तक पहुंचना आसान हो जाएगा और पुराने शहर से भेल क्षेत्र की दूरी भी कम समय में तय हो सकेगी। अरेरा कॉलोनी, शाहपुरा और आसपास के इलाकों के लिए भी यह पुल समय की बचत करेगा।
ऐसे किया गया डिजाइन
इस आरओबी को केवल वर्तमान ट्रैफिक नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आगे चलकर इसी मार्ग का उपयोग एयरपोर्ट तक आने-जाने के लिए भी किया जा सकता है। इससे भोपाल की यातायात व्यवस्था को एक नई दिशा मिलेगी। निर्माण कार्य में किसी तरह की रुकावट न आए, इसके लिए पीडब्ल्यूडी, रेलवे, एफसीआई और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय समिति बनाई गई है। यह समिति समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करेगी और अड़चनों को तुरंत दूर करेगी, ताकि तय समय पर ब्रिज जनता के लिए खोल दिया जाए।
निशातपुरा आरओबी देश का पहला ऐसा रेलवे ओवरब्रिज होगा, जो 7 रेलवे ट्रैक के ऊपर से होकर गुजरेगा…
आज निशातपुरा आरओबी के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह… pic.twitter.com/kAfIhf7v0Z
— विश्वास कैलाश सारंग (@VishvasSarang) January 3, 2026
मंत्री ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आरओबी की डिजाइन को भी देखा और अधिकारियों से इसकी मजबूती व उपयोगिता पर चर्चा की। मौके पर महापौर मालती राय, वीरेंद्र पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि यह आरओबी भोपाल के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
