,

NSUI ने भोपाल में चलाया अभियान, वोट चोरी के खिलाफ छात्रों ने राष्ट्रपति को भेजे सैकड़ों पोस्टकार्ड

Author Picture
Published On: 29 August 2025

भोपाल | राजधानी भोपाल में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने वोट चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया। शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) और सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIRT) कॉलेज में वोट चोरी विरोधी पोस्टकार्ड अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम पोस्टकार्ड लिखे और लोकतंत्र की रक्षा की अपील की।

लोकतंत्र पर हमला: रवि परमार

एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र की आत्मा पर हमला है और इसने जनता के विश्वास को तोड़ा है। उन्होंने बताया कि संगठन ने संकल्प लिया है कि प्रदेश के हर जिले और हर विश्वविद्यालय में इस अभियान को चलाकर युवाओं को जागरूक किया जाएगा। “मध्यप्रदेश से लाखों पोस्टकार्ड राष्ट्रपति तक भेजे जाएंगे, ताकि जनता की आवाज दिल्ली तक पहुंचे,” उन्होंने कहा।

छात्रों को जगाने की जरूरत: अक्षय तोमर

एनएसयूआई भोपाल जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में प्रत्येक कॉलेज और विश्वविद्यालय में यह आंदोलन और व्यापक रूप से चलाया जाएगा। “देश का भविष्य यानी युवा तभी जागरूक होगा, जब वह समझे कि वोट चोरी लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है,” तोमर ने कहा।

दो प्रमुख मांगें

  • डिजिटल वोटर लिस्ट को तत्काल प्रकाशित किया जाए।
  • फर्जी वोटरों के माध्यम से हो रही वोट चोरी पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

छात्रों की भागीदारी

अक्षय तोमर ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इस अभियान में भाग लेकर यह संदेश दिया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवाओं की आवाज सबसे प्रबल है। एनएसयूआई ने स्पष्ट किया है कि जब तक वोट चोरी पर निर्णायक कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

इस मौके पर जिला महासचिव हर्ष प्रसाद, यतेंद्र राजपूत, देव अवस्थी, योगेश सोनी, अनिमेष गोंडली, लकी चौबे, ऋतिक शर्मा, रोशन आर्या, नितिन भदौरिया, योगेंद्र सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp