,

गांव से संगठन… खेत से आंदोलन, भोजपुर से MP कांग्रेस ने भरी हुंकार; किसानों के मुद्दे बने केंद्र

Author Picture
Published On: 6 January 2026

MP कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से ‘बूथ चलो, गांव चलो’ अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रायसेन जिले की ग्राम पंचायत तराबली में ग्राम पंचायत कांग्रेस समिति का गठन किया गया। इस कार्यक्रम के जरिए गांव-गांव तक संगठन को सक्रिय करने और स्थानीय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने का संदेश दिया गया। ग्राम तराबली में आयोजित कार्यक्रम में जिला और प्रदेश स्तर के कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी पटेल, पूर्व विधायक देवेंद्र पटेल, प्रदेश प्रवक्ता आनंद जाट, राहुल राज, प्रदेश सचिव विष्णु विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।

तराबली कार्यक्रम के बाद भोजपुर में कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों को लेकर बड़ा कदम उठाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश किसान कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘किसान जन आंदोलन यात्रा’ का शुभारंभ किया। यह यात्रा प्रदेश की हर विधानसभा और ब्लॉक तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं को सामने लाने का लक्ष्य लेकर निकली है।

MP व्यापी यात्रा

इस आंदोलन यात्रा का नेतृत्व किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान कर रहे हैं। उनके साथ रायसेन जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत रघुवंशी और बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य, बिजली, खाद और फसल खरीदी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर चुनावी वादे भूलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों और किसानों से बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हीं परिवारों पर भारी बिजली बिल थमा दिए गए। उन्होंने इसे जनता के साथ सीधा धोखा बताया।

धान-गेहूं के दाम पर उठे सवाल

पटवारी ने कहा कि किसानों से धान 3100 रुपये और गेहूं 2700 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक किसानों को इसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि किसान सालभर मेहनत करता है, लेकिन सरकार की नीतियां उसी की कमर तोड़ रही हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने साफ किया कि पार्टी किसानों, महिलाओं और आम जनता के अधिकारों के लिए गांव से लेकर विधानसभा और संसद तक संघर्ष करेगी। किसान जन आंदोलन यात्रा को इसी लड़ाई की शुरुआत बताते हुए कांग्रेस ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज होगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp