,

MP प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 के नतीजे घोषित, 11978 पदों पर जारी हुआ परिणाम

Author Picture
Published On: 28 February 2026

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने शुक्रवार को प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया। मंडल ने कुल 13,089 पदों में से 11,978 पदों यानी लगभग 87 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम जारी किए हैं। इनमें 14 प्रतिशत ओबीसी पदों को शामिल करते हुए सूची जारी की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम 25,300 रुपए वेतनमान के साथ महंगाई भत्ता भी दिया जाएगा।

यह परीक्षा स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के लिए 9 से 13 अक्टूबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए 1,10,745 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 1,03,494 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। करीब 7,251 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा प्रदेश के 11 शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई थी।

MP प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025

परीक्षा के बाद आदर्श उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई थी और उम्मीदवारों से आपत्तियां मांगी गई थीं। आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की गई। इसी के आधार पर पर्सेंटाइल प्रणाली से परिणाम घोषित किया गया। मंडल ने स्पष्ट किया है कि समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की वरीयता नियम पुस्तिका में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार तय की गई है।

श्रेणी और जेंडर के आधार पर समायोजन

परिणाम तैयार करते समय अभ्यर्थियों की श्रेणी, संवर्ग, लिंग, जन्मतिथि और मध्यप्रदेश के मूल निवासी होने से संबंधित जानकारी को ध्यान में रखा गया। नि:शक्तजन वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित प्रावधानों के तहत समायोजित किया गया है। पद विकल्प और प्राथमिकता के आधार पर भी सूची तैयार की गई है।

अब होगा दस्तावेजों का सत्यापन

मंडल की प्रावीण्य सूची के आधार पर संबंधित विभाग कार्यालय स्तर पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। सत्यापन के बाद ही अंतिम चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि पाई जाती है तो संशोधन का अधिकार सुरक्षित रहेगा। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp