रीवा के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में शुक्रवार से रेवा फिल्म फेस्टो 2025 (Rewa Film Festo 2025) की औपचारिक शुरुआत हो गई। 12 दिसंबर से शुरू हुआ यह तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव 14 दिसंबर तक चलेगा। आयोजन राज कपूर की 101वीं जयंती को समर्पित है। उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शाम होते ही ऑडिटोरियम और उसके आसपास का इलाका सिनेमा प्रेमियों से गुलजार नजर आया।
फिल्म फेस्टिवल को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन स्थल पर सजे रंग-बिरंगे स्टाल, फिल्म स्क्रीनिंग जोन, सांस्कृतिक प्रदर्शनी और फूड कोर्ट लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। बच्चे, युवा और बुजुर्ग हर उम्र के लोग यहां फिल्म और कला के इस उत्सव का आनंद लेते दिखे। माहौल किसी बड़े महानगर के फिल्म फेस्टिवल जैसा नजर आया।
फिल्मों की झलक
महोत्सव के दौरान राज कपूर की यादगार फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके साथ ही नई प्रीमियर फिल्मों, शॉर्ट फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री को भी दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। युवा फिल्मकारों को अपने काम को दिखाने का मंच मिला है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है। रेवा फिल्म फेस्टो में सिर्फ फिल्में ही नहीं, बल्कि सिनेमा से जुड़ी सीख भी दी जा रही है। अनुभवी फिल्ममेकर और कलाकार मास्टर क्लास और वर्कशॉप में अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। फिल्म निर्माण, अभिनय और निर्देशन से जुड़े सत्रों में युवाओं की अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिल रही है।
फूड कोर्ट में मेले जैसा माहौल
सिनेमा थीम पर बने स्टाल, राज कपूर से जुड़ी कलात्मक प्रदर्शनी और फोटो बूथ लोगों को खूब लुभा रहे हैं। परिवार और युवा यहां रुक-रुककर तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। फूड कोर्ट में स्थानीय और स्ट्रीट फूड की खुशबू माहौल को और जीवंत बना रही है। फेस्टिवल में सबसे ज्यादा चर्चा बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के आगमन को लेकर है। उन्हें देखने और सेल्फी लेने के लिए लोग खासे उत्साहित हैं। मंच पर उनके आने को लेकर दर्शकों में लगातार रोमांच बना हुआ है।
#रीवा
प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल आज रीवा में फिल्म फेस्टो कार्यक्रम में होंगे शामिल… @prahladspatel#Rewa #JansamparkMP pic.twitter.com/sPb69KMdTs— JD Rewa (@jdjsrewa) December 13, 2025
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन विभाग के प्रभारी स्वतंत्र शुक्ला ने बताया कि ऐसे आयोजन प्रदेश की संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान देते हैं। फिल्म फेस्टो से रीवा में पर्यटन, होटल, हस्तशिल्प और स्थानीय खानपान को सीधा लाभ मिलेगा। आने वाले समय में रीवा को फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान मिल सकती है। स्थानीय निवासी अमन द्विवेदी ने कहा कि रीवा में इतने बड़े स्तर पर फिल्म फेस्टिवल होना गर्व की बात है। वहीं, पूजा तिवारी ने कहा कि स्टाल, फूड कोर्ट और फिल्म स्क्रीनिंग सबकुछ शानदार है और पूरा शहर फिल्मी रंग में रंगा नजर आ रहा है।
