भोपाल | मालेगांव बम धमाका मामले में बरी होने के बाद भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर शनिवार को राजधानी लौटीं। जैसे ही वे अपने सरकारी आवास पहुंचीं, वहां ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों ने फूलों की वर्षा कर साध्वी का अभिनंदन किया।
मीडिया से बात करते हुए साध्वी ने अपने पुराने जख्म एक बार फिर ताजा किए। उन्होंने कहा, “मुझे जबरदस्ती फंसाया गया था। जांच के नाम पर पुरुष अधिकारियों ने मुझे प्रताड़ित किया। मुझ पर दबाव था कि कुछ बड़े नामों को फंसाऊं, लेकिन मैंने झूठ बोलने से इनकार कर दिया।”
कही ये बातें
उन्होंने कहा कि हिंदू आतंकवाद जैसे शब्दों का निर्माण जानबूझकर किया गया। “मुस्लिम आतंकवाद को ढंकने के लिए कांग्रेस ने एक राजनीतिक शब्द गढ़ा- हिंदू आतंकवाद। हरा रंग लेकर आतंक फैलाने वालों की तरफ से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा किया गया। साध्वी ने मालेगांव केस को कांग्रेस की साजिश बताया और कहा कि इस पूरे षड्यंत्र का मकसद सिर्फ मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक रूप से खुश करना था। कांग्रेस हमेशा आतंकियों के साथ खड़ी रही है और हिंदुओं को निशाना बनाती रही है।
भगवा आतंकवाद और हिन्दू आतंकवाद के जन्मदाता कांग्रेस सहित सभी विधर्मियों का मुंह हुआ काला..
भगवा ,हिंदुत्व और सनातन की विजय पर समस्त सनातनियों और देशभक्तों का हुआ बोलबाला बहुत-बहुत बधाई….
जय हिन्दूराष्ट्र, जय श्री राम…— Sadhvi Pragya Singh Thakur (@sadhvipragyag) August 1, 2025
कांग्रेस पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनका नाम लेना भी अपवित्रता है। वह हमेशा राष्ट्रविरोधी मानसिकता को बढ़ावा देने वाले लोगों के साथ खड़े रहते हैं। पुलवामा और पहलगाम जैसे आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए साध्वी ने कहा कि इन हमलों में हिंदुओं को चुन-चुनकर मारा गया, कपड़े उतरवाकर पहचान की गई और फिर मौत दी गई।
समर्थकों को दिया धन्यवाद
राजनीति में भविष्य को लेकर उन्होंने कहा, “हम राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति करते हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ भारत माता की सेवा है।” अंत में उन्होंने मांग की कि जिन लोगों ने उन पर झूठे आरोप लगाए, उनकी भी जांच होनी चाहिए और सजा मिलनी चाहिए। भोपाल लौटते ही साध्वी ने न सिर्फ अपने समर्थकों का धन्यवाद दिया, बल्कि एक बार फिर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आगामी चुनावों में उनके तेवर फिर से पुराने अंदाज़ में लौटते दिख रहे हैं।
