MP विधानसभा की कार्यवाही अब पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है। काग़ज़ों के भारी-भरकम बंडलों की जगह अब टैब और स्क्रीन पर सदन की कार्यवाही दिखाई देगी। इसके लिए राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन यानी NeVA को लागू किया जा रहा है, जिससे विधानसभा का कामकाज ऑनलाइन और पेपरलेस हो सकेगा। इस बड़े बदलाव से पहले विधायकों को तकनीकी रूप से तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। मंगलवार को विधानसभा के मानसरोवर सभागार में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया है। इसमें संसदीय कार्य मंत्रालय, दिल्ली से आए विशेषज्ञ विधायकों को NeVA के उपयोग की पूरी जानकारी देंगे।
अब प्रश्न पूछने से लेकर विधेयक पेश करने तक की प्रक्रिया डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगी। कार्यसूची, प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण सूचनाएं, मतदान और उपस्थिति जैसी तमाम जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि कार्यवाही अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी भी बनेगी।
MP: पारदर्शिता पर रहेगा जोर
NeVA के लागू होने से विधानसभा की कार्यवाही रियल-टाइम में रिकॉर्ड होगी। इससे सदन के भीतर होने वाली चर्चाओं और फैसलों पर आम जनता की निगरानी भी आसान होगी। तकनीक के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ज्यादा जवाबदेह बनाने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।
क्या है NeVA परियोजना?
नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन एक ऐसा डिजिटल मंच है, जो संसद और विधानसभाओं को एक साझा तकनीकी ढांचे पर लाता है। इसका उद्देश्य देश की विधायी संस्थाओं को आधुनिक बनाना और उन्हें काग़ज़ मुक्त करना है। इस प्लेटफॉर्म पर सदन से जुड़ी हर जानकारी सुरक्षित और व्यवस्थित रूप में संग्रहित रहती है। यह परियोजना “वन नेशन-वन एप्लिकेशन” की अवधारणा पर आधारित है। यानी देश की सभी विधानसभाएं एक ही डिजिटल सिस्टम पर काम करेंगी। इससे राज्यों के बीच तकनीकी समानता आएगी और संसदीय प्रक्रियाओं में एकरूपता बनेगी।
पर्यावरण को भी होगा फायदा
पेपरलेस विधानसभा का सीधा असर पर्यावरण पर भी पड़ेगा। हर सत्र में हजारों पन्नों की खपत होती है, जो अब काफी हद तक कम हो जाएगी। इससे न केवल खर्च घटेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। मध्य प्रदेश विधानसभा में NeVA का लागू होना संकेत है कि विधायी व्यवस्था अब भविष्य की ओर कदम बढ़ा रही है। तकनीक, पारदर्शिता और दक्षता—तीनों को साथ लेकर चलने की यह कोशिश आने वाले समय में लोकतंत्र को और मजबूत बनाने का आधार बनेगी।
