, ,

छिंदवाड़ा में लावारिस मिठाई से मौतों का सिलसिला, तीसरी युवक की मौत; जांच में जुटी पुलिस

Author Picture
Published On: 14 January 2026

छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव क्षेत्र में बुधवार को होटल में छोड़ी गई लावारिस मिठाई खाने से तीसरी मौत हो गई। मंगलवार देर रात बीमार पड़ने वाली खुशबू (27) को छिंदवाड़ा से नागपुर रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान बुधवार सुबह 6:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर के सभी अंग काम करना बंद कर चुके थे।

मिली जानकारी के अनुसार, पीएचई विभाग के पास स्थित एक होटल में कोई व्यक्ति मिठाई की थैली छोड़ गया था। जब कोई थैली लेने नहीं लौटा, तो पीएचई गार्ड दशरू यदुवंशी (53) ने मिठाई का डिब्बा निकाल लिया और वहीं मौजूद सुंदर लाल कथूरिया (72), उनकी पत्नी संतोषी बाई और पोती खुशबू के साथ खा लिया। इसके बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

छिंदवाड़ा में मौत का सिलसिला

इस घटना में पहले 11 जनवरी को गार्ड दशरू यदुवंशी की मौत हो गई थी। इसके दो दिन बाद मंगलवार को सुंदर लाल कथूरिया ने दम तोड़ दिया। अब तीसरी मौत खुशबू की हुई। वहीं, संतोषी बाई की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक खुशबू की बहन मुस्कान खरे ने बताया कि खुशबू पिछले एक माह से मायके में रह रही थी। उसके ससुराल पक्ष के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसके चलते पुलिस इस घटना के पीछे किसी साजिश की संभावना को भी खारिज नहीं कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज

जुन्नारदेव थाना प्रभारी राकेश बघेल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। होटल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सभी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि फूड सैंपल और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। जांच में यह देखा जाएगा कि मिठाई में किसी प्रकार का विषाक्त तत्व था या अन्य कारणों से तीनों की तबीयत बिगड़ी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp