छतरपुर | मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के मउ मसानियां गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव की एक महिला रिंकी अहिरवार ने ऐसा दावा किया है जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। रिंकी का कहना है कि उसने इंसानों को नहीं, बल्कि तीन सांप जैसे जीवों को जन्म दिया है।
हुआ पेट दर्द
रिंकी के अनुसार, उसे अचानक पेट में तेज दर्द उठा। दर्द से तड़पती हुई वह चिल्लाने लगी, तब आस-पड़ोस के लोग दौड़कर उसके घर पहुंचे। वहां लोगों ने देखा कि एक प्लास्टिक के तसले के नीचे कुछ ढंका हुआ है। जब लोगों ने उससे बर्तन हटाने को कहा तो महिला ने मना करते हुए कहा, “इसे मत देखो, जो देखेगा वह मरेगा!” यह सुनते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। उत्सुकता इतनी थी कि कुछ देर बाद लोगों ने खुद ही बर्तन हटाया और वहां पड़े कथित सांप जैसे जीव को देख दंग रह गए।
वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो भी बना और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दावा किया जा रहा था कि वह सांप के बच्चे हैं जो महिला ने जन्म दिए हैं। हालांकि, जैसे-जैसे मामला फैलने लगा, महिला की तबीयत भी बिगड़ती गई। परिवार वाले उसे पहले राजनगर के स्वास्थ्य केन्द्र ले गए और फिर छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
BMO ने दी जानकारी
छतरपुर के बीएमओ, डॉ. अवधेश चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि यह दावा जैविक दृष्टिकोण से पूरी तरह असंभव है। उनके अनुसार, महिला के शरीर से निकले जीव दरअसल कोई सांप नहीं बल्कि खून के थक्के (ब्लड क्लॉट्स) हैं। उन्होंने बताया कि महिला को हाल ही में मासिक धर्म आया थ, और उसी दौरान जमा हुआ रक्त बाहर आया है, जिसे गलतफहमी में कुछ और समझ लिया गया।
जांच जारी
फिलहाल, महिला का इलाज चल रहा है और उसकी सभी जरूरी जांचें, जैसे अल्ट्रासाउंड आदि की जा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि चिकित्सा विशेषज्ञों की राय और तमाम स्पष्टीकरण के बावजूद रिंकी अब भी अपने दावे पर अड़ी हुई है कि उसने सच में सांप जैसे जीवों को जन्म दिया है।
