भोपाल में 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म के मामले में आरोपी माज खान के खुलासों ने पुलिस को हैरान कर दिया है। पूछताछ में उसने बताया कि मुख्य आरोपी ओसाफ अली खान ने थार गाड़ी में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था, जबकि वह खुद बाहर खड़ा रहा। पुलिस के अनुसार, माज ने सुनियोजित तरीके से पूरी वारदात की रिकॉर्डिंग की थी।
माज ने कबूल किया है कि उसने पहले से ही वीडियो बनाने की योजना तैयार कर ली थी। घटना के दौरान वह कार के बाहर खड़ा होकर शीशे से अंदर झांकता रहा और चोरी-छिपे वीडियो शूट करता रहा। बाद में यह वीडियो आरोपियों के बीच साझा किया गया। इसी वीडियो के आधार पर छात्रा को कई बार संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया।
भोपाल रेप केस
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से 40 हजार रुपए भी वसूले। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या इस तरह की वारदात अन्य छात्राओं के साथ भी की गई है। मामले में ब्लैकमेलिंग और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
पुलिस ने उस थार वाहन को भी बरामद कर लिया है, जिसमें पहली बार दुष्कर्म की घटना हुई थी। यह कार सीहोर जिले के एक गांव में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस के मुताबिक माज खान चार अलग-अलग कारों का इस्तेमाल करता था और अलग-अलग स्थानों पर छात्रा को ले जाकर वारदात को अंजाम दिया गया। इन सभी वाहनों की जांच की जा रही है।
रिमांड पर आरोपी
365 जिम का संचालक माज खान 13 फरवरी तक कोहेफिजा थाना पुलिस की रिमांड पर है। उसे 8 फरवरी को अदालत में पेश किया गया था। पुलिस उससे अन्य संभावित पीड़िताओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। वहीं मुख्य आरोपी ओसाफ अली खान (19) को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और जब्त वाहनों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। मोबाइल फोन और वीडियो क्लिप की भी पड़ताल की जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
