राजधानी के भोपाल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार, 18 फरवरी की दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवारा कुत्ते ने 10 से 12 साल के एक बालक पर अचानक हमला कर दिया। हमले से घबराया बच्चा एस्केलेटर से गिर पड़ा और उसके घुटने में गंभीर चोट आई। घटना के बाद कुछ देर के लिए स्टेशन का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मोहनीश दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच प्लेटफॉर्म नंबर-2 से प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित मुख्य भवन की ओर जा रहा था। उसके साथ उसकी मां भी मौजूद थीं। इसी दौरान स्टेशन परिसर में घूम रहा एक आवारा कुत्ता अचानक उसके पीछे दौड़ा और पैर में काट लिया। हमला इतना अचानक था कि बच्चा संभल नहीं पाया।
भोपाल एस्केलेटर से गिरा
कुत्ते के काटते ही मोहनीश बुरी तरह घबरा गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह एस्केलेटर से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके घुटने में गंभीर चोट आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे के गिरते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। कुछ यात्रियों ने कुत्ते को भगाया, जबकि अन्य ने बच्चे को संभाला।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद स्टेशन पर मौजूद डॉक्टर ने बच्चे की प्राथमिक जांच की। इसके बाद एहतियातन उसे इलाज के लिए 1250 अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को घुटने में गहरी चोट आई है, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। साथ ही कुत्ते के काटने के बाद जरूरी इंजेक्शन और उपचार भी दिया गया।
रेल प्रशासन ने मांगी रिपोर्ट
मामले में जब मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि घटना की तत्काल जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। साथ ही स्टेशन परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी संबंधित विभाग से चर्चा की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्टेशन पर सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन परिसर में आवारा जानवरों की आवाजाही पहले भी देखी गई है, लेकिन इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए। अब उम्मीद की जा रही है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर जरूरी कदम उठाएगा।
