, ,

टिकट जांच में सख्ती, पश्चिम मध्य रेलवे ने एक माह में वसूले 13.61 करोड़; 31% बढ़ा राजस्व

Author Picture
Published On: 12 January 2026

पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) ने टिकट जांच अभियान तेज करते हुए जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की है। यात्री ट्रेनों और स्टेशनों पर नियमित व आकस्मिक जांच के दौरान बिना टिकट या गलत कोच में यात्रा करने वालों पर जुर्माना लगाया गया। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें और निर्धारित कोच में बैठें।

दिसंबर माह में पश्चिम मध्य रेलवे ने टिकट जांच से 13 करोड़ 61 लाख रुपए का राजस्व अर्जित किया। यह आंकड़ा पिछले साल दिसंबर में हुई 10 करोड़ 36 लाख रुपए की वसूली से 31.37 प्रतिशत अधिक है। खास बात यह है कि यह वसूली रेलवे बोर्ड द्वारा तय 12 करोड़ 40 लाख रुपए के लक्ष्य से भी लगभग 10 प्रतिशत ज्यादा रही।

पश्चिम मध्य रेलवे में हुई कार्रवाई

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दिसंबर में कुल 1 लाख 87 हजार मामलों में कार्रवाई की गई। इन मामलों में बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट और गलत श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे। अतिरिक्त किराया और जुर्माने के रूप में यह पूरी राशि वसूली गई। मुख्यालय के सीसीएम स्क्वॉड द्वारा की गई जांच में टिकट निरीक्षकों ने 4 हजार मामलों में कार्रवाई की। इस दौरान 26 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि मुख्यालय स्तर से की गई यह निगरानी मंडलों में अनुशासन बनाए रखने में कारगर साबित हुई।

जबलपुर मंडल सबसे आगे

तीनों मंडलों में जबलपुर मंडल ने सबसे अधिक राजस्व जुटाया। यहां टिकट निरीक्षकों ने 86 हजार मामलों में कार्रवाई करते हुए 6 करोड़ 79 लाख रुपए की वसूली की। भोपाल मंडल में 59 हजार मामलों में 3 करोड़ 77 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया, जबकि कोटा मंडल में 38 हजार मामलों में कार्रवाई कर 2 करोड़ 79 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि न केवल जुर्माने से बचा जा सके बल्कि यात्रा भी सुरक्षित और सुगम बनी रहे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टिकट जांच का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि यात्रियों में अनुशासन और नियमों के पालन की आदत विकसित करना भी है। आने वाले महीनों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp