छतरपुर | मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए टेंट के नीचे खड़े लोगों पर वह अचानक गिर गया। लोहे का एंगल एक श्रद्धालु के सिर में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भगदड़ मच गई, जिसमें आठ लोग घायल हो गए।
8 घायल
यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब आरती के बाद बारिश शुरू हो गई थी। श्रद्धालु मंच के पास मौजूद टेंट में जमा हो गए थे। तभी टेंट पानी भरने से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले 50 वर्षीय शख्स की जान चली गई। उनका परिवार बस्ती जिले से बुधवार रात बागेश्वर धाम पहुंचा था। शुक्रवार को धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन मनाया जाना है, उसी के लिए वे लोग दर्शन करने आए थे।
इलाज जारी
घायलों को छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जिनका इलाज चल रहा है, उनमें राजस्थान की नेहा खटीक और उत्तर प्रदेश के रामदयाल यादव शामिल हैं। वहीं मामूली चोट वालों में गढ़ा गांव के घनश्याम, गुलाब देवी, रेखा साक्षी शर्मा, मधु देवी, ज्योति और कामिनी ठाकुर का नाम सामने आया है।
जांच शुरू
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और टेंट की मजबूती को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
