भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित क्रिकेट मुकाबले को लेकर भोपाल में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैच से पहले ही शहर का माहौल किसी बड़े त्योहार जैसा हो गया है। क्रिकेट प्रेमी अपने दोस्तों और परिवार के साथ इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को खास अंदाज में देखने की तैयारी में जुटे हैं। रेस्टोरेंट, पब और कैफे संचालकों के मुताबिक इस बार भी मैच को लेकर जबरदस्त क्रेज है।
शहर के न्यू मार्केट, एमपी नगर, अरेरा कॉलोनी, शाहपुरा और कोलार इलाके के कई प्रमुख रेस्टोरेंट और क्लबों में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। कई जगह थीम डेकोरेशन के साथ लाइव स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। युवाओं को आकर्षित करने के लिए स्पेशल फूड ऑफर और ग्रुप डिस्काउंट भी दिए जा रहे हैं। कुछ पब में डीजे के साथ मैच का रोमांच दोगुना करने की तैयारी है, जबकि परिवारों के लिए अलग और शांत बैठने की सुविधा भी बनाई गई है। अधिकांश जगहों पर अग्रिम बुकिंग लगभग फुल बताई जा रही है।
भारत-पाक मुकाबले का रोमांच
रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि भारत-पाक मुकाबले के दिन वॉक-इन एंट्री मुश्किल हो सकती है। कई स्थानों पर दो-तीन दिन पहले से ही टेबल रिजर्व हो चुकी हैं। बड़े स्क्रीन, बेहतर साउंड सिस्टम और आरामदायक बैठने की व्यवस्था के कारण लोग घर की बजाय बाहर दोस्तों के साथ मैच देखना पसंद कर रहे हैं। युवाओं में खासा उत्साह है और सोशल मीडिया पर भी मैच स्क्रीनिंग से जुड़े पोस्ट तेजी से शेयर हो रहे हैं।
प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर
मैच के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार उज्जैन, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित अन्य जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है।
सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम सक्रिय रहेगी, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे मैच का आनंद शांतिपूर्ण माहौल में लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
