,

भोपालवासियों के लिए कल का दिन होगा बड़ा, मेट्रो के शुभारंभ से मिलेगी नई रफ्तार

Author Picture
Published On: 19 December 2025

राजधानी भोपाल के लिए 20 दिसंबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। शनिवार को भोपाल मेट्रो रेल सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल मौजूद रहेंगे। इसके बाद सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर मेट्रो को रवाना किया जाएगा।

शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री स्वयं मेट्रो में यात्रा करेंगे। यह यात्रा सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक होगी। एम्स स्टेशन पहुंचकर दोनों नेता मीडिया से चर्चा करेंगे। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

ऐतिहासिक उपलब्धि

भोपाल मेट्रो को राजधानी के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। 30.8 किलोमीटर लंबी यह परियोजना शहर को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा देगी। मेट्रो शुरू होने से सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को समय की बचत के साथ आरामदायक सफर मिलेगा। भोपाल मेट्रो परियोजना में दो मुख्य कॉरिडोर शामिल हैं। ऑरेंज लाइन करोंद से एम्स तक 16.74 किलोमीटर लंबी है, जबकि ब्लू लाइन भदभदा से रत्नागिरि तक 14.16 किलोमीटर में फैली है। दोनों लाइनों के लिए सुभाष नगर में डिपो बनाया गया है, जो संचालन का केंद्र होगा।

पहले चरण में प्रायोरिटी कॉरिडोर

शुरुआत ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर से की जा रही है। करीब 7 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। इनमें एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, केंद्रीय विद्यालय और सुभाष नगर स्टेशन शामिल हैं। यह कॉरिडोर शहर के सबसे व्यस्त इलाकों को जोड़ेगा। भोपाल मेट्रो की कुल अनुमानित लागत 10 हजार 33 करोड़ रुपये है। इसमें प्रायोरिटी कॉरिडोर पर करीब 2 हजार 225 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस रूट पर प्रतिदिन लगभग 3 हजार यात्रियों के सफर करने का अनुमान है, जो आगे चलकर तेजी से बढ़ सकता है।

यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं

भोपाल मेट्रो को पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। सभी स्टेशनों पर हाई-स्पीड लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए गए हैं। दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर सुविधा, ब्रेल साइन और आसान प्रवेश की व्यवस्था की गई है। मेट्रो में एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम लगाया गया है। ऊर्जा बचत के लिए रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग तकनीक और सोलर पावर का उपयोग किया गया है। पूरी तरह एसी कोच, आरामदायक सीटें और मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाएं यात्रियों को नया अनुभव देंगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp