,

भोपाल में एक्टिवा सवार दो छात्रों को लोडिंग वाहन ने मारी टक्कर, एक की हालत नाजुक

Author Picture
Published On: 22 February 2026

भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक्टिवा से जा रहे 10वीं कक्षा के दो छात्रों को तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अब्दुल्ला पुत्र फैजान खान (17), निवासी कसेरा गली, शाहजहांनाबाद, रविवार सुबह करीब 5:30 बजे अपने दोस्त अयान अंसारी के साथ एक्टिवा से निकल रहा था। दोनों फजर की नमाज अदा करने के लिए ताजुल मसाजिद जा रहे थे। शाहजहांनाबाद पानी टंकी के पास अर्जुन भवन के सामने सफेद रंग के लोडिंग वाहन ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

सिर में गंभीर चोट

टक्कर इतनी तेज थी कि अब्दुल्ला के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बदहवास हो गया। पीछे बैठे अयान अंसारी के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। राहगीरों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अब्दुल्ला को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

चालक के खिलाफ FIR

मामले में शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की जानकारी मिल सके।

परिजनों में चिंता का माहौल

हादसे की खबर मिलते ही दोनों छात्रों के परिवार अस्पताल पहुंच गए। परिजन अब्दुल्ला की हालत को लेकर बेहद चिंतित हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp