खंडवा | मध्य प्रदेश के खंडवा के रोशनी गांव में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में मंत्री विजय शाह शायराना अंदाज में नजर आए। मंच से उन्होंने कहा कि मैं जब से चला हूं, मेरी मंजिल पर नजर है। मेरी आंखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा और मेरी तरक्की पर रोने वालों, तुमने कभी विजय शाह के पैरों के छाले नहीं देखे।
शाह ने मोदी सरकार की आयुष्मान भारत योजना की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दुनिया के 196 देशों में सिर्फ भारत ही ऐसा देश है, जहां आम लोगों को इलाज की 5 लाख रुपये तक की गारंटी दी गई है।
उईके ने भी की मोदी सरकार की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय जनजातीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि मोदी सरकार ने ऐसी योजना बनाई है कि धीरूभाई अंबानी से लेकर उनके पिताजी तक सभी को 5 लाख रुपये का मुफ्त इलाज मिलेगा।
उन्होंने विजय शाह को “विकास पुरुष” बताते हुए कहा कि हरसूद क्षेत्र का विकास उन्हीं की देन है।
अफसरों का भी हुआ जिक्र
शाह ने भाषण की शुरुआत कलेक्टर ऋषव गुप्ता और सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा का नाम लेकर की। उन्होंने उन्हें युवा और ऊर्जावान बताया। हालांकि शुरुआत में शाह ने गौड़ा को जिला पंचायत अध्यक्ष कह दिया था, बाद में खुद ही अपनी गलती सुधार ली। मंच पर संयुक्त कलेक्टर निकिता मंडलोई, सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
शाह के विवादित बयान
विजय शाह हाल ही में अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। पिछले तीन महीनों में उन्हें तीन बार माफी मांगनी पड़ी।
| तारीख | घटना / बयान | माफ़ी / प्रतिक्रिया |
|---|---|---|
| 13 मई 2025 | सोफिया कुरैशी पर बयान | अगर मेरे मुंह से कुछ गलत निकल गया है तो मैं दस बार माफी मांगने को तैयार हूं। |
| 14 मई 2025 | समाज की भावनाएं आहत | मेरे बयान से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, मैं दिल से शर्मिंदा हूं। |
| 23 मई 2025 | पहलगाम हत्याकांड | माफी मांगनी पड़ी |
एक तरफ शाह शायराना अंदाज में खुद की छवि गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके विवादित बयानों और बार-बार मांगी गई माफियों को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज है।
