MP के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को राज्य की कमान संभाले 13 दिसंबर को दो वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में सरकार की उपलब्धियों, चुनौतियों और आने वाले वर्षों की प्राथमिकताओं पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि बीते 2 साल मध्य प्रदेश के लिए कई मोर्चों पर निर्णायक रहे और राज्य ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी है।
सीएम ने अपनी सरकार की आर्थिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस अवधि में प्रदेश ने इंडस्ट्रियल ग्रोथ के नए आयाम छुए हैं। उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ता हुआ बजट राज्य की आर्थिक मजबूती और सक्षमता को दर्शाता है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति ने विकास योजनाओं को गति दी है।
नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार
सीएम ने कहा कि हमने हर क्षेत्र में बेहतर परफॉर्म किया है। निवेश आकर्षित करने के लिए बनाए गए पारदर्शी सिस्टम और GIIS जैसे प्लेटफॉर्म ने देश-विदेश के उद्योगपतियों का ध्यान मध्यप्रदेश की ओर खींचा है। मोहन यादव ने दो साल की सबसे बड़ी उपलब्धि नक्सलवाद पर निर्णायक कार्रवाई को बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के मंडला, बालाघाट और डिंडौरी जैसे प्रभावित जिलों में नक्सलवाद का लगभग सफाया हो चुका है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस शासन में स्थिति कितनी भयावह थी। नक्सलवादियों ने एक मंत्री को घर से निकालकर हत्या कर दी थी और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही।
विकास और सेवा के 2 वर्ष
मध्यप्रदेश में गरीब कल्याण को मिलती नई गति @DrMohanYadav51 @foodsuppliesmp #CMMadhyaPradesh #अभ्युदय_मध्यप्रदेश #प्रगति_के_दो_वर्ष pic.twitter.com/XCkh4myVen
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) December 12, 2025
उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में 10 नक्सलवादी मारे गए और तीन बार 11-11 नक्सली राज्य के बाहर जाकर सरेंडर हुए। सीएम का दावा है कि यह अभियान केंद्रीय गृह मंत्री की अपेक्षा के अनुरूप चलाया गया और अब मध्यप्रदेश लगभग नक्सल मुक्त हो गया है।
पुरस्कारों का मिला लाभ
सीएम ने बताया कि शासन में नवाचारों पर उनकी सरकार ने जोर दिया है। कई नई पहलें राष्ट्रीय स्तर पर सराही गईं और राज्य को कई पुरस्कार मिले। उन्होंने माइनिंग टूरिज्म को मिली राष्ट्रीय पहचान को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन का मॉडल मजबूत हुआ है और इसी वजह से GIIS के माध्यम से लाखों करोड़ के निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दो सालों ने राज्य को नई दिशा दी है और आने वाले तीन वर्ष विकास को और गति देने के होंगे। उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश है कि हर क्षेत्र में न्याय, सुरक्षा और विकास का वातावरण बने। यही मध्यप्रदेश की नई पहचान है।”
