MP युवा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के शपथ ग्रहण के दिन ही राजधानी भोपाल में कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। SIR को लेकर युवा कांग्रेस ने जोरदार विरोध किया और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) ऑफिस की ओर कूच किया। लेकिन पुलिस ने व्यापमं चौराहे पर बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
कार्यकर्ता सुरक्षा घेरा पार करने के लिए बैरिकेड पर चढ़ने लगे। इसी दौरान पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। अचानक चली पानी की तेज धार से कई कार्यकर्ता बैरिकेड से नीचे गिर गए। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी भी हुई।
हल्का बल प्रयोग
जब वॉटर कैनन के बावजूद कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन इसके बाद कार्यकर्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया। कई युवा बैरिकेड तोड़ने पर उतारू हो गए और ‘एसआईआर वापस लो’ के नारे लगाने लगे। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने बस मंगाई और गिरफ्तारियां शुरू कर दीं। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पकड़कर बस में बैठाया, जबकि कई खुद ही गिरफ्तारी देने बस की छत पर चढ़ गए। बस में भीड़ इतनी बढ़ गई कि वह एक तरफ झुकने लगी, जिसके बाद पुलिस ने सभी को नीचे उतार लिया।
यश घनघोरिया बोले
प्रदर्शन के बीच युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि आज देश में वोट पर हमला हो रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि लोकतंत्र में राजा वोट से बनता है, लेकिन आज वोट ही खतरे में है। हमारे नेता राहुल गांधी संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं और हम उसी लड़ाई को गांव-गांव तक ले जाएंगे। उन्होंने चुनाव आयोग को भी कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आयोग निष्पक्ष संस्था की जगह भाजपा के पक्ष में खड़ा दिखाई दे रहा है।
टी-शर्ट बांटने में मची छीना-झपटी
पीसीसी दफ्तर के बाहर कार्यकर्ताओं को विरोध अभियान की टी-शर्ट दी जा रही थीं, जिन पर लिखा था कि वोट चोर, गद्दी छोड़। टी-शर्ट मिलते ही कार्यकर्ताओं में छीना-झपटी शुरू हो गई और कुछ देर के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि हर वोटर की है। वहीं युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा देश को गलत दिशा में ले जा रही है।
