भोपाल | CM डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन से भेंट कर उज्जैन में शीघ्र आकाशवाणी केंद्र प्रारंभ करने का अनुरोध किया। डॉ. मुरूगन ने इस पर सैद्धांतिक सहमति जताते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में प्रसारण सेवाओं का विस्तार जरूरी है। जब तक नया स्टूडियो तैयार नहीं होता, तब तक इंदौर केंद्र के माध्यम से प्रसारण की व्यवस्था किए जाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
रायसेन में बनेगा अत्याधुनिक रेल कोच संयंत्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रायसेन जिले में बीईएमएल लिमिटेड (बंगलौर) का अत्याधुनिक रेल कोच विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए लगभग ₹1800 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। संयंत्र में रक्षा मंत्रालय, रेल मंत्रालय और मध्यप्रदेश सरकार की भागीदारी रहेगी। संयंत्र के लिए 60 हेक्टेयर भूमि का आवंटन किया जा चुका है और इससे करीब 1,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संयंत्र के शिलान्यास के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह को आमंत्रित किया गया है।
नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में मध्यप्रदेश करेगा बड़ी छलांग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सौर, पवन और पंप स्टोरेज के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सौर पैनल उपलब्ध कराकर उन्हें ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाएगी। इससे सरकार पर लगभग ₹18,000 करोड़ की सब्सिडी का भार कम होगा।
आज दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री माननीय श्री डॉ. एल. मुरुगन जी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर @BJP4MP के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल जी भी उपस्थित रहे। pic.twitter.com/xmtZHptxZq
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 8, 2025
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कुसुमश्री योजना के ए, बी और सी तीनों घटकों पर राज्य सरकार काम कर रही है। इसके साथ ही 4,200 मेगावाट क्षमता वाले नए सोलर पार्क विकसित किए जाएंगे। उत्तरप्रदेश के साथ मिलकर 2,000 मेगावाट क्षमता की साझी सोलर परियोजना विकसित की जाएगी, जिससे दोनों राज्य छह-छह महीने बिजली का साझा वितरण करेंगे।
मुख्यमंत्री ने की केंद्रीय मंत्रियों से भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी सहित विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से भेंट कर प्रदेश की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से मध्यप्रदेश विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा।