, , ,

पचमढ़ी में कांग्रेस का जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण कैंप, संगठन को नई दिशा देने की तैयारी

Author Picture
Published On: 5 November 2025

मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। पचमढ़ी में 2 से 11 नवंबर तक जिला अध्यक्षों का संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इस कैंप के जरिए कांग्रेस अपने संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा देने की कोशिश में है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर यह आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण विभाग के मुताबिक, इस शिविर के बाद हर जिले में SIR और राजनीतिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है।

ट्रेनर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम

हाल ही में भोपाल में आयोजित तीन दिवसीय ट्रेनर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के बाद प्रशिक्षकों को जिला-वार जिम्मेदारियां दी गई हैं। ये प्रशिक्षक अपने जिलों में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे और बूथ स्तर के संगठन सृजन से जुड़े कामों को आगे बढ़ाएंगे।

प्रशिक्षण विभाग के अध्यक्ष महेंद्र जोशी और संगठन महामंत्री डॉ. संजय कमले ने कहा कि कांग्रेस के पुनर्गठन का यह अभियान संगठन को और मज़बूत बनाएगा। उन्होंने कहा, “प्रशिक्षण ही संगठन की आत्मा है। इससे दिशा और दृष्टि दोनों तय होती हैं।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह अभियान कांग्रेस के संगठनात्मक पुनरुत्थान की रीढ़ साबित होगा। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि हर कार्यकर्ता प्रशिक्षित हो, हर बूथ सशक्त बने और कांग्रेस की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंचे।”

कांग्रेस का यह प्रशिक्षण अभियान प्रदेशभर में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने, मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की निगरानी और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठित करने पर केंद्रित रहेगा।

चुनाव की रणनीति

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि यह पूरा कार्यक्रम 2028 विधानसभा चुनावों की रणनीति का अहम हिस्सा है। कांग्रेस चाहती है कि आने वाले महीनों में संगठन पूरी तरह सक्रिय रहे और गांव-गांव तक पार्टी का नेटवर्क मजबूत किया जाए।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp