ग्वालियर के कम्पू स्थित एसएएफ मैदान पर सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस भव्य तरीके से मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर सांसद भारत सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे। पूरे मैदान में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
समारोह को संबोधित करते हुए नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे लिए गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और विश्व में भारत की शाख मजबूत हो रही है। तोमर ने ग्वालियर और मुरैना में आने वाले विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित होगा और मुरैना में देश का सबसे बड़ा सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा।
ग्वालियर में झंडावंदन
मुख्यमंत्री मोहन यादव के संदेश पत्र में नारी सम्मान, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के विकास और किसानों के कल्याण संबंधी विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों और छात्रों को यह प्रेरणा मिली कि प्रदेश में विकास के कई क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
भारतीय गरिमा का शीर्ष उत्सव गणतंत्र दिवस पर संयुक्त राजस्व भवन प्रांगण में संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री ने झंडा वंदन किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान कर सभी शासकीय सेवकों को 77वे गणतंत्र दिवस की बधाई दी। #gwalior#26janvary2026 pic.twitter.com/U3JYI16S4Y
— Gwalior Commissioner (@GwaliorComm) January 26, 2026
झंडावंदन के बाद स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और कारगिल शहीदों के परिजन तथा लोकतंत्र सेनानियों का भी सम्मान मुख्य अतिथि ने किया। बच्चों की प्रस्तुतियों में नृत्य और गीतों के माध्यम से राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
दर्शाया गया विकास
समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां निकाली गईं, जिनमें प्रदेश की योजनाओं और विकास कार्यों को दिखाया गया। जिला मुख्यालय, विकास खंड, तहसील और ग्राम स्तर पर भी स्वतंत्रता और राष्ट्रीयता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय ध्वज को गर्व के साथ फहराया गया। सारा समारोह देशभक्ति, विकास और सांस्कृतिक विविधता का प्रभावशाली मिश्रण साबित हुआ। नागरिकों ने उत्साहपूर्वक परेड, झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि ग्वालियर और प्रदेश में लोकतंत्र और विकास की भावना हर नागरिक के दिल में गहरी है।
