ग्वालियर | स्वतंत्रता दिवस से ठीक चार दिन पहले ग्वालियर शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। सोमवार दोपहर को आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए शामिल हुए। इस आयोजन का नेतृत्व मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया, जो यात्रा के आरंभ से अंत तक मौजूद रहे।
यात्रा की शुरुआत दोपहर 3 बजे सिटी सेंटर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया तिराहा से हुई। इससे पहले दोपहर 2 बजे मंच पर देशभक्ति गीतों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। यात्रा आकाशवाणी मार्ग होते हुए राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंची। मार्ग में एसपी ऑफिस, तानसेन होटल तिराहा और गांधी रोड जैसे प्रमुख स्थान शामिल रहे। पूरे रास्ते को तिरंगे की सजावट, फूलों और देशभक्ति नारों से सुसज्जित किया गया था।
दिया ये संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में सजे बच्चों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेना ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है। पहलगाम की घटना के बाद हमारी सेनाओं ने न सिर्फ मोर्चा संभाला, बल्कि आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर समाप्त करने का साहसिक कार्य किया।
यात्रियों का स्वागत
तिरंगा यात्रा में सेना, पुलिस बल, एनसीसी की सभी इकाइयों के सदस्य, भूतपूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। बाइक सवार भी हाथ में तिरंगा थामे इस राष्ट्रभक्ति के जुलूस का हिस्सा बने। मार्ग के किनारे स्थापित मंचों से देशभक्ति गीत, नृत्य और भारतीय संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जबकि कई स्थानों पर रंगोली और फूलों की सजावट ने यात्रियों का स्वागत किया।
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में #HarGharTiranga अभियान से 15 अगस्त से पहले ही स्वतंत्रता दिवस पर्व का देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण बन गया है। pic.twitter.com/ledByrYYwZ
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) August 11, 2025
यह यात्रा केवल राष्ट्रध्वज का सम्मान ही नहीं, बल्कि एकजुटता और देशभक्ति का अद्भुत उदाहरण बनी। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर कोई देश के गौरव में डूबा नज़र आया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल के साथ दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार पहुंचे, जहां ‘एकात्म मानव दर्शन’ हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने अध्यक्षता की, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-संपर्क प्रमुख बतौर सारस्वत अतिथि मंच पर मौजूद रहे।