ग्वालियर के फूलबाग चौराहे के पास शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कपड़े की एक दुकान पर ग्राहक और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ युवक दुकान पर कपड़े खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दुकानदार से उनका विवाद हो गया। शुरुआत में यह बहस सामान्य थी, लेकिन कुछ ही देर में मामला बिगड़ता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। इसके बाद युवक और दुकानदार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे। विवाद यहीं नहीं रुका, बल्कि डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। सड़क पर खुलेआम हो रही इस मारपीट से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
ग्वालियर: फूलबाग चौराहे का मामला
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरा विवाद पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ था। किसी सामान की कीमत या भुगतान को लेकर दोनों पक्षों में असहमति हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई। मारपीट का यह सिलसिला शनिवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच काफी देर तक चलता रहा।
हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल के पास ही पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। झगड़ा बढ़ता देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बीच-बचाव के लिए आगे आए। उनकी समझाइश के बाद ही स्थिति पर काबू पाया जा सका।
वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो रविवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया गया कि वीडियो वहीं मौजूद एक अन्य दुकानदार ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सड़क पर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं।
पड़ाव थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि व्यस्त इलाके में इस तरह की घटनाएं पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों का मानना है कि समय पर पुलिस पहुंच जाती तो हालात इतने नहीं बिगड़ते।
