ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में एक परिवार कथित बाबा के झांसे में आकर 30 हजार रुपए गंवा बैठा। आरोप है कि बाबा ने सात दिन विशेष पूजा कर घर की परेशानियां दूर करने का दावा किया और इसके एवज में पैसे ले लिए। जब तय समय के बाद भी परिवार की समस्याएं जस की तस रहीं, तो पीड़ितों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बाबा के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक राधा विहार कॉलोनी निवासी विवेक शर्मा के घर एक बाबा पहुंचा और आटा मांगा। विवेक ने कटोरी में आटा दिया, लेकिन बाबा ने पूरी मात्रा लेने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि “तेरे परिवार में बहुत कष्ट है, मैं पूरा आटा नहीं ले सकता।” इस तरह की बातों से उसने परिवार का ध्यान अपनी ओर खींचा।
ग्वालियर में ‘बाबा’ के झांसे में आया परिवार
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान बाबा ने विवेक के भाई-बहन के नाम और पारिवारिक हालात का जिक्र करना शुरू कर दिया। उसने दावा किया कि कुछ लोग उनके परिवार का बुरा चाहते हैं और प्रॉपर्टी पर नजर गड़ाए बैठे हैं। इन बातों से परिवार चौंक गया और धीरे-धीरे बाबा की बातों पर भरोसा करने लगा। भरोसा बढ़ते देख बाबा ने घर के अंदर अगरबत्ती जलाकर विस्तार से चर्चा करने की बात कही।
पूजा के नाम पर लिए पैसे
परिवार का आरोप है कि बाबा ने सात दिन विशेष पूजा कराने की सलाह दी और इसके लिए 30 हजार रुपए मांगे। परिवार ने समस्याओं के समाधान की उम्मीद में रकम दे दी। तय समय बीत जाने के बाद जब कोई बदलाव नजर नहीं आया और बाबा भी दोबारा नहीं लौटा, तब परिवार को ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस कर रही जांच
पीड़ित परिवार हजीरा थाने पहुंचा और अज्ञात बाबा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बाबा की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अंजान व्यक्ति के बहकावे में आकर पैसे न दें और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास और ठगी के बढ़ते मामलों की ओर इशारा करती है, जहां लोग परेशानियों के समाधान की उम्मीद में धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं।
