,

ग्वालियर में एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के तहत फूलबाग-गुरुद्वारा मार्ग एक माह बंद, ट्रैफिक डायवर्सन लागू

Author Picture
Published On: 21 February 2026

ग्वालियर में ट्रैफिक को सुगम बनाने के उद्देश्य से दिल्ली की तर्ज पर एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत फूलबाग से गुरुद्वारा के बीच ओवरब्रिज बनाने का काम शनिवार से शुरू होगा। निर्माण कार्य के चलते फूलबाग से होटल क्लार्क्स इन होते हुए गुरुद्वारा जाने वाला मार्ग अगले एक माह के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

फूलबाग शहर का केंद्रीय बिंदु माना जाता है, जहां मुरार, लश्कर और ग्वालियर तीनों सर्कल का ट्रैफिक मिलन होता है। फूलबाग से होटल क्लार्क्स इन के सामने वाले रास्ते से होते हुए गुरुद्वारा मार्ग पर हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं। अनुमान है कि इस मार्ग से प्रति घंटे 7 से 8 हजार वाहन निकलते हैं। ऐसे में मार्ग बंद होने से ट्रैफिक का दबाव अन्य सड़कों पर बढ़ना तय है।

ग्वालियर में एलिवेटेड रोड

मुरार, थाटीपुर, हजीरा, किलागेट, पड़ाव और सिटी सेंटर से गुरुद्वारा, नदीगेट और इंदरगंज जाने वाले वाहन अब सीधे इस मार्ग से नहीं जा सकेंगे। पब्लिक और प्राइवेट दोनों तरह के वाहनों को बदले हुए रूट से होकर गंतव्य तक पहुंचना होगा। यातायात पुलिस ने डायवर्सन प्लान जारी कर दिया है और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी है।

एक माह का डायवर्सन

यातायात विभाग के अनुसार निर्माण कंपनी ने फिलहाल एक महीने का डायवर्सन मांगा है। हालांकि स्थानीय जानकारों का मानना है कि काम की गति को देखते हुए यह अवधि दो से तीन महीने तक भी बढ़ सकती है। इस दौरान यात्रियों को जाम और अतिरिक्त समय की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग

फूलबाग से गुरुद्वारा और नदीगेट की ओर जाने वाले वाहन फूलबाग चौराहा से लाल बाग, पाल मार्ग होते हुए हाथीवाला गेट (जयविलास पैलेस) और मोती तबेला से होकर नदीगेट पहुंच सकेंगे। पड़ाव रेलवे ओवरब्रिज की ओर से आने वाले वाहन एलआईसी तिराहा से मोती महल होते हुए नदीगेट जाएंगे।
छप्पर वाला पुल और रामदास घाटी की ओर से फूलबाग आने वाले वाहन नौगजा रोड का उपयोग करेंगे। वहीं इंदरगंज से फूलबाग की ओर जाने वाले वाहन नदीगेट से शान-ए-शौकत तिराहा, शिंदे की छावनी और नौगजा रोड होकर आगे बढ़ सकेंगे।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्सन का पालन करें और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp