,

होली से पहले ग्वालियर में पुलिस का बड़ा एक्शन, 271 वारंटी गिरफ्तार, टी-20 वर्ल्ड कप सट्टा पकड़ा

Author Picture
Published On: 24 February 2026

होली के मद्देनजर ग्वालियर में कानून-व्यवस्था को चुस्त रखने के लिए पुलिस ने शहर और देहात में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात एक साथ सौ से अधिक पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। करीब पांच घंटे तक चले इस अभियान में पुलिस अधिकारी और जवान पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। संवेदनशील इलाकों, हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों और फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर विशेष निगरानी रखी गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 271 फरार और स्थायी गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा। इन सभी को हिरासत में लेकर हवालात भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इनमें कई ऐसे आरोपी शामिल हैं जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। अचानक हुई कार्रवाई से कई वारंटी अपने घरों में ही दबोच लिए गए, जबकि कुछ को आसपास के इलाकों से गिरफ्तार किया गया।

होली से पहले एक्शन

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने 357 गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर सघन जांच की। उनसे पूछताछ की गई कि वे वर्तमान में किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल तो नहीं हैं। साथ ही जेल से छूटने के बाद उनके आजीविका के साधनों की भी जानकारी ली गई। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी, ताकि असामाजिक तत्वों में भय बना रहे।

क्राइम ब्रांच ने पकड़ा टी-20 वर्ल्ड कप सट्टा

इसी अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम को बड़ी सफलता मिली। एक किराए के मकान पर दबिश देकर टी-20 वर्ल्ड कप पर सट्टा खिलाते हुए तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे।

पुलिस की सख्ती आगे भी रहेगी जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp