,

ग्वालियर में ज्वेलरी शॉप से शातिरों की सेंधमारी, शटर काटकर उड़ाए लाखों के जेवरात और नकदी

Author Picture
Published On: 31 July 2025

ग्वालियर | मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के हृदयस्थल माने जाने वाले माधौगंज क्षेत्र की सिंधी कॉलोनी में बीती रात एक ज्वेलरी शॉप चोरों के निशाने पर रही। गिरोह ने पूरी प्लानिंग के साथ दुकान का शटर काटा और अंदर घुसकर दो से ढाई लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात ये रही कि वारदात के समय पुलिस रात्रि गश्त पर थी, लेकिन शातिर चोर पूरी इत्मीनान से चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए।

यह वारदात कोमल ज्वेलर्स नामक दुकान में हुई, जिसके संचालक गौरव भारद्वाज ने बताया कि रोज की तरह बुधवार रात करीब 10 बजे उन्होंने दुकान बंद कर ताला लगाया और घर चले गए थे। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि दुकान का शटर कटा हुआ है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटर को एक किनारे से काटा गया था और अंदर की अलमारियां व गल्ला पूरी तरह खाली थे।

पुलिस को दी सूचना

गौरव के मुताबिक, चोर करीब 2.5 लाख रुपये का सोना, चांदी और नकद ले गए। उन्होंने तुरंत माधौगंज थाने में चोरी की सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर तब पहुंची जब तीन घंटे बीत चुके थे। इस देरी को लेकर स्थानीय व्यापारी भी नाराज हैं और उन्होंने पुलिस की गंभीरता पर सवाल उठाए हैं। वारदात के समय दुकान में लगे CCTV कैमरे बंद पड़े थे, जिससे चोरों की पहचान में मुश्किलें आ रही हैं। हालांकि, गली के कॉर्नर पर स्थित एक अन्य दुकान में लगे कैमरे में दो संदिग्ध युवक जरूर दिखाई दिए हैं, लेकिन फुटेज में उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हैं।

खंगाल रही CCTV फुटेज

अब पुलिस आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, इलाके के संदिग्ध तत्वों नशेड़ी और आवारा तत्वों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल, चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही किसी क्लू के आधार पर चोरों तक पहुंचा जा सकेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp