ग्वालियर में एक सब इंस्पेक्टर की मां के साथ चोरी की वारदात सामने आई है। मायके में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहीं महिला के हैंडबैग से सोने के जेवरों से भरा पर्स गायब हो गया। घटना उस वक्त की है, जब वह नाका चंद्रवदनी बस स्टैंड से ई-रिक्शा में सवार होकर घर जा रही थीं। घर पहुंचने पर ताला खोलते समय पर्स निकाला, तब चोरी का पता चला।
56 वर्षीय अनीता राय बहोड़ापुर स्थित हरिहर नगर की निवासी हैं। उनकी बेटी छाया राय सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में पीटीएस तिघरा में पदस्थ हैं। अनीता राय शुक्रवार को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अशोक नगर गई थीं। कार्यक्रम के बाद वह कार से शिवपुरी पहुंचीं और वहां से बस के जरिए झांसी रोड स्थित बस स्टैंड आईं।
ग्वालियर में जेवर चोरी
बस स्टैंड से अनीता राय ने ई-रिक्शा लिया, जिसमें उनके साथ तीन अन्य महिलाएं भी सवार थीं। रास्ते में एक महिला उतर गई, जबकि दो महिलाएं बस स्टैंड से ही ई-रिक्शा में बैठी थीं। ई-रिक्शा से वह बाड़े पहुंचीं, जहां से ऑटो लेकर अपने घर हरिहर नगर पहुंचीं। सफर के दौरान उन्हें किसी तरह की असहज स्थिति का तुरंत एहसास नहीं हुआ।
घर पहुंचने के बाद जैसे ही उन्होंने ताला खोलने के लिए पर्स निकाला, तो अंदर रखा जेवरों का पर्स गायब मिला। चोरी हुए जेवरों में करीब तीन तोला वजन का सोने का मंगलसूत्र और एक तोला वजन के कानों के टॉप्स शामिल हैं। इस घटना से महिला और परिवार के लोग सकते में आ गए।
पुलिस की शुरुआती जांच
पीड़िता ने बताया कि ई-रिक्शा में उनके बगल में बैठी एक महिला बार-बार उनके हैंडबैग पर नजर रख रही थी, जिससे उन्हें उसी पर शक है। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि चोरी बस में भी हो सकती है। घटना के बाद झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर शनिवार को एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस अब बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कुछ जगहों से फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर संदेही महिलाओं की पहचान और तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी शक्ति सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
