,

ग्वालियर में टेंट गोदाम में भीषण आग, 50 लाख का सामान जलकर राख

Author Picture
Published On: 28 February 2026

ग्वालियर के नाका चंद्रवदनी इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक टेंट गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में लपटें करीब 10 फीट ऊंची उठने लगीं और सड़क से साफ दिखाई दे रही थीं। गोदाम रिहायशी क्षेत्र के पास होने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देर रात उठती आग की लपटों और धुएं से पूरा इलाका दहशत में आ गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कुल 7 दमकलों ने करीब चार घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। सुबह करीब 7 बजे तक स्थिति नियंत्रित हो सकी। तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

ग्वालियर में आग

फिलहाल आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम से भी जांच कराई जाएगी। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

शादी समारोह का सामान रखा था एक जगह

घटना हीरा भूमिया मंदिर के पास स्थित टेंट व्यवसायी अवधेश सिंह यादव के गोदाम की है। जानकारी के मुताबिक होलिका अष्टक के चलते इन दिनों विवाह मुहूर्त बंद हैं। इसी कारण विभिन्न कार्यक्रम स्थलों से टेंट और सजावट का पूरा सामान वापस लाकर गोदाम में एक ही जगह रख दिया गया था। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अचानक आग भड़क उठी। जब तक आसपास के लोगों को भनक लगी, तब तक लपटें बेकाबू हो चुकी थीं।

बड़ा हादसा टला

आसपास के रहवासियों ने तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोदाम मालिक को सूचना दी। समय रहते दमकल पहुंचने से आग आसपास की इमारतों तक नहीं फैल सकी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp