,

ग्वालियर में स्कूटी से नकदी भरा बैग चुराने वाला नाबालिग पकड़ा, 3.55 लाख नकद बरामद

Author Picture
Published On: 9 February 2026

ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र में स्कूटी से नकदी भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 3 लाख 55 हजार रुपए नकद और चोरी की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। हालांकि, चोरी की गई पूरी रकम में से कुछ पैसे वह पहले ही अय्याशी में खर्च कर चुका था।

पुलिस के अनुसार फरियादी कृष्ण कुमार दौहरे (34) मूल रूप से दतिया जिले के बराना गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में गुढ़ा क्षेत्र में डांगवाले बाबा पानी की टंकी के पास रहते हैं। वे अलकापुरी सिटी सेंटर स्थित एक रजिस्ट्री सर्विस प्रोवाइडर के कार्यालय में नौकरी करते हैं। 5 फरवरी की रात करीब 8:50 बजे वे अपनी जुपिटर स्कूटी से गुढ़ा कलारी के पास सब्जी खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने स्कूटी पर आगे की ओर नगदी से भरा बैग टांग रखा था।

ग्वालियर जरूरी दस्तावेज

मौका पाकर नाबालिग आरोपी ने स्कूटी से बैग चुरा लिया और फरार हो गया। बैग में 3 लाख 80 हजार रुपए नकद के साथ एचडीएफसी बैंक की चेक बुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और आयुष्मान कार्ड रखे हुए थे। चोरी का पता चलते ही कृष्ण कुमार ने आसपास तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी की पहचान

माधौगंज पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक नाबालिग बैग लेकर जाते हुए कैमरे में कैद हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने सागर ताल के पास स्थित सरकारी मल्टी इलाके में दबिश दी, जहां आरोपी का घर बताया गया था।

पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 3 लाख 55 हजार रुपए नकद और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया। आरोपी ने बताया कि बची हुई रकम उसने मौज-मस्ती में खर्च कर दी।

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

माधौगंज थाना पुलिस के अनुसार नाबालिग आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही चोरी गए दस्तावेजों को लेकर भी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर नकदी और कीमती सामान को लेकर सतर्क रहें।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp