ग्वालियर जिले के डबरा स्थित प्रसिद्ध नवग्रह मंदिर में होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। लाखों श्रद्धालुओं और कई वीआईपी मेहमानों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंदिर के अंदर और बाहर दो लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। मंदिर परिसर के भीतर 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। वहीं, मंदिर के बाहर और आसपास के मार्गों पर 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डबरा का नवग्रह मंदिर
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर और प्रमुख रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस बल को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग जोन बनाए गए हैं, ताकि मंदिर के आसपास अव्यवस्था न हो। यातायात पुलिस को भी तैनात किया गया है, जो ट्रैफिक को सुचारू रूप से संचालित करेगी और जाम की स्थिति से निपटेगी।
मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ होगा। इसके बाद 11 दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति और प्रशासन मिलकर कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने में जुटे हुए हैं।
आईजी ने किया मौके पर निरीक्षण
तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को आईजी ग्वालियर अरविंद सक्सेना ने नवग्रह मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सफल ढंग से संपन्न हो सके।
