ग्वालियर के भिंड रोड पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना यातायात मेला पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाकर रॉन्ग साइड चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। महज दो घंटे की इस कार्रवाई में 80 से अधिक वाहन चालक गलत दिशा में आते हुए पकड़े गए। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान नियम तोड़ने वाले चालकों से करीब 40 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। कई मामलों में वाहन जब्त कर यातायात थाना मेला भेजे गए। पुलिस ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन चालकों ने मौके पर बहस की, उन्हें भी नियमानुसार चालान भरना पड़ा।
भिंड रोड
रॉन्ग साइड पकड़े गए कुछ वाहन चालकों ने राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस नेताओं को फोन मिलाए, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने किसी भी सिफारिश को स्वीकार नहीं किया। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नियम तोड़ने पर कार्रवाई तय है। अंततः सभी चालकों को जुर्माना भरकर ही वाहन छुड़ाना पड़ा।
किन-किन स्थानों पर हुई चेकिंग
जानकारी के अनुसार डीडी नगर चौराहा, पिंटो पार्क तिराहा, गोला का मंदिर चौराहा, एयरपोर्ट तिराहा और धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जो भी वाहन चालक रॉन्ग साइड आता मिला, उसका वाहन जब्त कर थाने भेजा गया। पुलिस का मानना है कि इन प्रमुख चौराहों पर गलत दिशा में वाहन चलाने की प्रवृत्ति ही हादसों का बड़ा कारण बन रही है।
अधिकारियों का बयान
डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान ने बताया कि भिंड रोड पर हाल के दिनों में दुर्घटनाएं बढ़ी थीं। निरीक्षण में सामने आया कि अधिकतर हादसे रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों की वजह से हो रहे हैं। वहीं एएसपी ट्रैफिक अनु बेनीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया गया है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
