ग्वालियर में अवैध सट्टा कारोबार पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, पिंटू पार्क के पास स्थित एक किराए के मकान में दबिश दी। यहां टी20 मैच पर सट्टा खिलवाने का खेल चल रहा था। पुलिस की घेराबंदी के बाद मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 लाख 49 हजार रुपए नकद, 7 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, कई एटीएम कार्ड और सिम कार्ड बरामद किए। इसके अलावा लाखों रुपए के लेन-देन का हिसाब-किताब भी जब्त किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन और फोन के जरिए दांव लगवा रहे थे।
ग्वालियर में टी20 मैच
तीनों आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। संभावना जताई जा रही है कि यह सट्टा रैकेट लंबे समय से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है।
क्राइम ब्रांच ने की पुष्टि
क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली थी कि आनंद नगर स्थित एक मकान में अवैध सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह तोमर सहित टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आरोपी सट्टा पर्चियां और मोबाइल के जरिए दांव लगवाते मिले।
ऑनलाइन सट्टे के एंगल की जांच
पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल और लैपटॉप की जांच कर रही है। साइबर सेल की मदद से डिजिटल ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल खंगाली जा रही हैं। इससे यह स्पष्ट होगा कि सट्टे का नेटवर्क किस स्तर तक फैला हुआ है और इसमें कितनी रकम का लेन-देन हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
