ग्वालियर में साल का पहला मंगलवार व्यापार मेले के लिए खास माने जा रहे हैं। अवकाश होने के कारण आज दोपहर 12 बजे के बाद मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचने की संभावना है। परिवार और दोस्त अपने साथ लेकर मेले की ओर रवाना होंगे और झूलों, स्टाल्स और मनोरंजन कार्यक्रमों का आनंद लेंगे। ग्वालियर में अधिकांश व्यापारी और व्यवसायिक संगठन मंगलवार को अवकाश रखते हैं। इसके अलावा ठंडे मौसम को देखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान ने बच्चों की छुट्टियों में भी इजाफा किया है। इस वजह से उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार की तरह आज भी मेले में भारी भीड़ जुटेगी।
गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव में शामिल होने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग ग्वालियर पहुंचेंगे। उत्सव में शामिल होने वाले परिवार मेले का भी आनंद ले सकते हैं। ग्वालियर व्यापार मेला प्रदेश स्तर का प्रमुख मेला है, जिसमें आसपास के जिलों और राज्यों से लोग देखने आते हैं।
झूला सेक्टर तैयार
मेला अभी पूरी तरह से नहीं लगा है, लेकिन झूला सेक्टर का काम लगभग पूरा हो चुका है। लोग अब परिवार और दोस्तों के साथ मेले में आकर्षक झूलों का आनंद लेने पहुंचेंगे। मेले में आसमानी झूला, ग्रेविटी झूला, नव झूला के साथ-साथ मौत का कुआं, जलपरी शो और सिंगापुर ट्रिप जैसे रोमांचक और मनोरंजक साधन उपलब्ध हैं। इस बार मेले में स्टाल्स और खेल के साधनों में नवीनता देखी जा रही है। बच्चों के लिए अलग सेक्टर तैयार किया गया है, जहां उन्हें सुरक्षित और मजेदार गतिविधियां मिलेंगी। युवा वर्ग झूलों और रोमांचक खेलों का आनंद लेंगे, वहीं बुजुर्ग शांत वातावरण में बैठकर मनोरंजन का हिस्सा बन सकते हैं।
भीड़ को संभालने की तैयारी
मेले में आने वाले लाखों लोगों के लिए पार्किंग, सुरक्षा और सुविधा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और मेले प्रशासन ने ट्रैफिक कंट्रोल और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है। साथ ही, खाने-पीने के स्टाल्स और मेडिकल सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। ग्वालियर व्यापार मेला केवल खरीदारी और झूलों तक सीमित नहीं है। यह शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए पारिवारिक और सामाजिक मिलन का अवसर भी है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग, सभी के लिए मनोरंजन और उत्सव का माहौल तैयार है।
