, ,

MP में आयकर विभाग की 5 शहरों में दबिश, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के ठिकानों पर छापा; करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका

Author Picture
Published On: 14 July 2025

भोपाल | टैक्स में गड़बड़ी करने वालों पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह MP और छत्तीसगढ़ के कुल 5 शहरों में एक साथ 13 जगहों पर छापा मारा गया। जबलपुर, इंदौर, रतलाम, रीवा और रायपुर में यह कार्रवाई हुई। आयकर विभाग की टीम ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) और टैक्स रिटर्न फाइल करने वाली कुछ फर्मों के ठिकानों को टारगेट किया, जिन पर फर्जी TDS रिटर्न भरवाने और मोटा कमीशन वसूलने का आरोप है।

सूत्रों की मानें तो जिन सीए और फर्मों पर यह कार्रवाई हुई, वे फर्जी दस्तावेजों के जरिए गलत तरीके से टैक्स रिफंड दिलवाते थे। इसके बदले 20 प्रतिशत या उससे भी ज्यादा का कमीशन लेते थे। यह सारा खेल काफी लंबे समय से चल रहा था, लेकिन अब आयकर विभाग की नजर में आ गया।

छापेमारी में मिले फर्जी दस्तावेज

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में फर्जी कागजात, बैंक स्टेटमेंट, रिटर्न से जुड़ी पुरानी फाइलें और डिजिटल रिकॉर्ड मिले हैं। इनकी बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर यह मामला करोड़ों की टैक्स चोरी का लग रहा है। फिलहाल छानबीन जारी है और जल्द ही इस पूरे रैकेट की परतें खुल सकती हैं।

मार्च से शुरू हुआ था खुफिया सर्वे

जानकारी के मुताबिक मार्च 2025 के पहले ही विभाग को इन फर्मों के खिलाफ शिकायतें मिलनी शुरू हो गई थीं। बताया जा रहा है कि कई छोटे व्यापारियों, ठेकेदारों और निजी कर्मचारियों के नाम पर फर्जी तरीके से टीडीएस रिफंड क्लेम किया गया था। इस पूरे काम में तकनीकी गड़बड़ियों का फायदा उठाया गया। जैसे ही यह इनपुट आया, आयकर विभाग ने मार्च में कई जगह सर्वे किया और शक की सुई इन खास फर्मों और सीए पर जाकर अटक गई। कुछ जगहों पर टैक्स जागरूकता अभियान भी चलाया गया ताकि लोग ऐसे फ्रॉड से बचें। लेकिन अब जब टीडीएस फाइल करने की आखिरी तारीख नजदीक है, तो आयकर विभाग ने सीधे सख्त कार्रवाई का रास्ता अपनाया।

बढ़ सकती हैं जांच की परतें

इस कार्रवाई के बाद यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि इस रैकेट में कुछ और बड़े नाम भी जुड़े हो सकते हैं। कुछ मीडिएटर और क्लाइंट भी जांच के घेरे में हैं, जिन्होंने नकली दस्तावेजों के जरिए टैक्स रिफंड क्लेम करवाया। अगर जांच में गड़बड़ियां साबित होती हैं, तो संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

जनता को चेतावनी

आयकर विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे अपने टैक्स रिटर्न फाइल करते समय पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी तरह की शॉर्टकट स्कीम में न फंसे। विभाग ने कहा है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर व्यक्ति और सीए, दोनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp