इंदौर में शूटिंग का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर का ऐतिहासिक राजबाड़ा और उसके आसपास का इलाका अब बड़े विज्ञापनों के लिए पसंदीदा लोकेशन बनता जा रहा है। बुधवार सुबह से सुभाष चौक स्थित बाजार में एक बड़े विज्ञापन की शूटिंग शुरू हुई, जिससे इलाके में सामान्य दिनों से अलग रौनक नजर आई।
जानकारी के मुताबिक यह शूटिंग आईपीएल सीजन के दौरान प्रसारित होने वाले एक विज्ञापन के लिए की जा रही है। बाहर से आई प्रोडक्शन टीम ने सुबह जल्दी ही अपना सेटअप तैयार कर लिया। शूटिंग के चलते हनुमान मंदिर के पास की कई दुकानों को भी तय समय से पहले खोलना पड़ा। आसपास के क्षेत्र को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया और आम लोगों को नजदीक आने की अनुमति नहीं दी गई। फोटो और वीडियो बनाने पर भी रोक लगाई गई।
IPL सीजन
शूटिंग की खबर फैलते ही स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में उत्सुकता बढ़ गई। हालांकि टीम ने यह खुलासा नहीं किया कि विज्ञापन किस ब्रांड या प्रोडक्ट का है। किसी सेलिब्रिटी या क्रिकेटर की मौजूदगी की भी पुष्टि नहीं की गई। सुरक्षा कारणों से पूरी प्रक्रिया गोपनीय रखी गई है, जिससे लोगों के बीच कयासों का दौर जारी है।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी शूटिंग्स
इंदौर पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर के विज्ञापनों की शूटिंग का गवाह रहा है। क्रिकेट स्टार विराट कोहली ने यहां क्रिकेट से जुड़े एक विज्ञापन की शूटिंग की थी। इसके अलावा एक प्रमुख एयरलाइंस कंपनी ने भी राजबाड़ा क्षेत्र में अपने ब्रांड प्रमोशन के लिए शूट किया था। शहर के कुछ होटलों और इलाकों को एयरपोर्ट जैसा लुक देकर भी विज्ञापन फिल्माए जा चुके हैं।
शूटिंग हब के रूप में उभरता इंदौर
हेरिटेज इमारतें, भीड़भाड़ वाले बाजार और लोकेशन की विविधता इंदौर को शूटिंग के लिए अनुकूल बनाती हैं। बेहतर कनेक्टिविटी और प्रशासनिक सहयोग भी प्रोडक्शन टीमों को आकर्षित करता है। यही वजह है कि इंदौर अब केवल स्वादिष्ट खानपान और क्रिकेट के लिए ही नहीं, बल्कि एक उभरते शूटिंग हब के रूप में भी पहचान बना रहा है।
