इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर नगर निगम ने शनिवार को साउथ तोड़ा लाइफ लाइन रोड पर स्थित 18 जर्जर और खतरनाक मकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जोन 11 क्षेत्र में की गई, जिसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित हादसों को रोकना था। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर अपर आयुक्त के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में दो पोकलेन और चार जेसीबी मशीनों की मदद ली गई।
कार्रवाई सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चली, जिसमें नगर निगम की रिमूवल टीम, भवन अधिकारी, भवन निरीक्षक, पुलिस बल और अन्य स्टाफ पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा।
निरीक्षक ने कही ये बात
भवन अधिकारी गीतेश तिवारी और भवन निरीक्षक जीशान चिश्ती ने बताया कि साउथ तोड़ा क्षेत्र के 150, 132, 125, 128, 147/2, 154 नंबर मकानों समेत कुल 18 मकानों को हटाया गया। इनमें मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद रफिक, शेख नजीर, महेन्दी हसन, गबरू बी, अंजुमन कमेटी सहित कई अन्य मकान मालिकों के पुराने और खस्ताहाल मकान शामिल थे। ये सभी भवन इतने कमजोर हो चुके थे कि कभी भी गिर सकते थे। कई मकान ऊंचाई पर बने हुए थे, जिन्हें मशीनों के सहारे संभलकर तोड़ा गया ताकि आसपास की संपत्तियों को नुकसान न पहुंचे।
नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार शहर में खतरनाक एवं जर्जर भवनों को हटाने की कार्यवाही सतत रूप से जारी है।इसी क्रम में आज झोन 11अंतर्गत साउथ तोड़ा,जीवन रेखा मार्ग पर 18जर्जर व खतरनाक मकानों को हटाने की रिमूवल कार्रवाई की गई। pic.twitter.com/ooC3IMO5t4
— Indore Municipal Corporation (@SwachhIndore) July 12, 2025
पहले ही दी जा चुकी है सूचना
जनहित में की गई इस कार्यवाही के दौरान क्षेत्रीय रहवासियों को पहले ही सूचना दी जा चुकी थी। कई लोगों ने इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि निगम ने समय रहते उचित कदम उठाया है, जिससे जान-माल के नुकसान से बचाव होगा। रिमूवल प्रभारी बबलू कल्याण और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई इस कार्यवाही से यह संदेश गया कि नगर निगम अब पुराने और जर्जर मकानों को लेकर सख्त रवैया अपना चुका है। नगर निगम का कहना है कि ऐसे मकानों की पहचान लगातार की जा रही है और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर को सुरक्षित और स्वच्छ बनाया जा सके।
