इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर में मेट्रो सेवा को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। 4 अगस्त से मेट्रो का संचालन अब सुबह के बजाय दोपहर 1 बजे से शुरू होगा और शाम 7 बजे तक जारी रहेगा। पहले यह सेवा सुबह 8 बजे शुरू होती थी। मेट्रो रेल कारपोरेशन ने यह निर्णय यात्रियों की घटती संख्या और रूट पर तकनीकी समायोजन को ध्यान में रखते हुए लिया है।
मई में हुई थी शुरुआत
इंदौर मेट्रो का शुभारंभ 31 मई 2025 को हुआ था। शुरुआती हफ्ते में लोगों में खासा उत्साह दिखा और पहले पांच दिनों में ही एक लाख से ज्यादा यात्रियों ने मेट्रो से यात्रा की। लेकिन जून के बाद से यात्रियों की संख्या में निरंतर गिरावट देखी जा रही है। जुलाई के महीने में तो हालात और भी निराशाजनक रहे—कुछ दिनों में तो कुल सवारियां 300 से भी कम रहीं। 9 जुलाई को केवल 261 यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक की सबसे कम संख्या है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मेट्रो में प्रत्येक कोच की यात्री क्षमता 45 से अधिक है। इसके बावजूद, औसतन दैनिक सवारियों की संख्या 500 के आसपास बनी हुई है। जून में कुल 2.08 लाख यात्रियों ने सफर किया था, लेकिन जुलाई में यह संख्या घटकर महज 21 हजार रह गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मेट्रो प्रबंधन सतर्क है। अभी 150 पूर्व सैनिकों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित सफर कर सके।
नया समय तय
मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि नया समय तय करने से सुपर कॉरिडोर से रेडिसन चौराहे तक सभी 16 स्टेशनों पर सेवा को अधिक सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। नए टाइम टेबल के अनुसार, सोमवार से शुक्रवार तक हर एक घंटे में एक ट्रेन चलेगी, जबकि शनिवार और रविवार को सेवा अंतराल 30 मिनट का होगा।
