,

IndiGo की उड़ान से पहले जमीन पर बवाल, इंदौर एयरपोर्ट पर फिर नशे में यात्री; क्रू मेंबर से बदसलूकी

Author Picture
Published On: 1 January 2026

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एक बार फिर सुरक्षा और यात्री अनुशासन को लेकर सवाल खड़े हो गए। जम्मू जाने वाली IndiGo की फ्लाइट में उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक यात्री ने शराब के नशे में क्रू मेंबर के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद एयरपोर्ट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एरोड्रम पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट पर तैनात सिक्योरिटी इंचार्ज शिवम सांखला ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर जम्मू के भद्रकला गांव निवासी नरेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिवम सांखला उस समय ड्यूटी पर मौजूद थे और उन्हें खुद क्रू मेंबर ने आकर घटना की जानकारी दी थी।

बताया गया कि इंडिगो फ्लाइट नंबर 6331 में सीट नंबर 12-ए पर बैठे नरेश कुमार ने पहले पास की सीट पर बैठी महिला यात्री से बदतमीजी की। स्थिति को भांपते हुए क्रू मेंबर आकांक्षा डोगरा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी यात्री ने उनसे भी अभद्र भाषा में बात की और अपशब्द कहे।

IndiGo में बढ़ती गई बदसलूकी

क्रू मेंबर की सूचना पर सिक्योरिटी इंचार्ज शिवम सांखला खुद मौके पर पहुंचे और यात्री को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, आरोपी ने उनसे भी बहस शुरू कर दी और दोबारा क्रू मेंबर के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद अन्य स्टाफ को बुलाया गया और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही एरोड्रम पुलिस मौके पर पहुंची और नरेश कुमार को हिरासत में लिया गया। प्राथमिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे नोटिस देकर रिहा कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

इंडिगो फ्लाइट

यह पहला मौका नहीं है जब इंडिगो की फ्लाइट में ऐसा मामला सामने आया हो। इससे पहले सोमवार रात की एक फ्लाइट में भी नशे में धुत यात्री ने क्रू मेंबरों और अन्य यात्रियों से बदसलूकी की थी। उस घटना में यात्री ने न केवल धमकी दी थी, बल्कि इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश भी की थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने एयरपोर्ट पर शराब सेवन की निगरानी और यात्रियों की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को लेकर एयरलाइंस और प्रशासन के सामने अब सख्त कदम उठाने की चुनौती खड़ी होती नजर आ रही है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp