इंदौर | मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 से 19 जुलाई तक दुबई और स्पेन की विदेश यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा प्रदेश की वैश्विक निवेश रणनीति को नया विस्तार देने वाला कदम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री इस दौरान निवेशकों से सीधी मुलाकात कर मध्यप्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं और निवेश-अनुकूल माहौल का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
पिछले कुछ महीनों में डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने यूके, जर्मनी और जापान जैसे देशों में निवेश संवाद के माध्यम से नई पहचान बनाई है। हेल्थ टेक, ऑटोमोबाइल, यूनिवर्सिटी लिंकेज, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में जो सकारात्मक माहौल तैयार हुआ, वह अब धरातल पर प्रोजेक्ट्स के रूप में उतर रहा है। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाने मुख्यमंत्री अब खाड़ी और यूरोप के दो प्रमुख निवेश स्थलों की ओर रवाना हो रहे हैं।
दुबई में हाई-प्रोफाइल निवेश बैठकें
मुख्यमंत्री की दुबई यात्रा के दौरान इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसमें मध्यप्रदेश की नीतियों और अधोसंरचना क्षमता पर फोकस रहेगा। लुलु इंटरनेशनल ग्रुप, लैंडमार्क ग्रुप और नखील ग्रुप जैसे नामी रिटेल और इंफ्रास्ट्रक्चर समूहों से भी मुख्यमंत्री मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउस, रिटेल चेन विस्तार और निवेश सहयोग पर विस्तृत चर्चा होगी।
टेक्सटाइल सेक्टर पर फोकस
दुबई के बाद डॉ. यादव 16 से 19 जुलाई तक स्पेन के प्रवास पर रहेंगे। बार्सिलोना में होने वाली बैठकों में स्पेन की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनियों, ग्रीन मोबिलिटी टेक्नोलॉजी और टेक्सटाइल-डिजाइन सेक्टर से जुड़ी कंपनियों से बातचीत होगी। मुख्यमंत्री का फोकस पीएम मित्र पार्क और मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल क्लस्टर को नई रफ्तार देने पर रहेगा।
देश की GDP में 8% से अधिक योगदान रियल एस्टेट सेक्टर का है।#MPGrowthConclave pic.twitter.com/3rnFroW7Go
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 11, 2025
साथ ही, प्रदेश के समृद्ध पर्यटन स्थलों और हेरिटेज हॉस्पिटैलिटी को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर इस सेक्टर में भी विदेशी निवेश को आकर्षित करने की रणनीति पर काम होगा।
युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य
इन बैठकों की सबसे खास बात यह है कि मुख्यमंत्री निवेश को केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं देख रहे, बल्कि इसे युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों के दरवाजे खोलने के रूप में भी ले रहे हैं। “वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष” घोषित करने के बाद प्रदेश सरकार निवेश को रोजगार सृजन से जोड़ने में जुटी है।
वैश्विक केंद्र बनने की ओर बढ़ता प्रदेश
यूके, जर्मनी, जापान के बाद अब दुबई और स्पेन की इस यात्रा से साफ है कि मध्यप्रदेश अब वैश्विक निवेश के नक्शे पर मजबूती से खड़ा हो रहा है। डॉ. यादव की लगातार हो रही निवेश यात्राएं इस बात का संकेत हैं कि अब प्रदेश केवल अवसर तलाश नहीं रहा, बल्कि दुनिया को साझेदार बना रहा है।
