मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री आज इंदौर पहुंचे, जहां डॉ. मोहन यादव ने मंच को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की है। चाहे मछली परिवार हो या कोई और, सबको कानून के दायरे में लाकर ठिकाने लगाया गया है। सीएम ने साफ कहा कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो।
लाउडस्पीकर पर सख्ती
सीएम यादव इंदौर में आयोजित विश्व हिंदू परिषद की अखिल भारतीय बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के कामकाज पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने के साथ ही लाउडस्पीकर के शोर को नियंत्रित किया गया। हर धर्म को अपनी इबादत करने की आजादी है, लेकिन कानून का पालन करना सबकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि अब तक 60 हजार से ज्यादा माइक उतारे गए हैं। वहीं, मांस बेचने वालों को फूड सेफ्टी के नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रदेश में व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए जरूरी था।
मछली परिवार पर कार्रवाई
सीएम के “मछली-मगर” वाले बयान के पीछे हाल ही में सामने आए भोपाल के हाई प्रोफाइल मामले का जिक्र है। इस मामले में मछली परिवार पर ड्रग तस्करी, रेप- ब्लैकमेलिंग और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर आरोप लगे थे। सरकार ने इस परिवार के करोड़ों के अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवाया था।
जहां हमारी सोच का अंत, उसके आगे संत…
आज इंदौर में आयोजित “श्री जैन श्वेताम्बर मालवा महासंघ के 14वें अधिवेशन एवं श्रीसंघ मिलन समारोह” में आचार्य श्री विश्वरत्न सागर सुरीश्वर जी महाराज एवं अन्य मुनिवृंद का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। pic.twitter.com/vm3NrKbptX
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 13, 2025
सीएम यादव ने पहले भी साफ कहा था कि अपराधियों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। चाहे उनके कितने भी बड़े नेता या रसूखदार से संबंध क्यों न हों, सरकार उन्हें ढूंढ-ढूंढकर कार्रवाई करेगी।
इंदौर दौरे पर सीएम
विश्व हिंदू परिषद की बैठक के बाद सीएम दलाल बाग पहुंचे, जहां उन्होंने श्री जैन श्वेतांबर मालवा महासंघ के 14वें अधिवेशन और श्रीसंघ मिलन समारोह में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने आचार्य विश्वरत्न सागर जी का आशीर्वाद लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के लिए भी मंगलकामनाएं मांगीं। उन्होंने कहा कि पीएम के दौरे पर प्रदेश को कई सौगातें मिलने वाली हैं।
