,

इंदौर में बीना विधायक निर्मला सप्रे के खिलाफ शिकायत; युवक ने कहा- फोन पर धमकाया, गालियां दीं

Author Picture
Published On: 6 July 2025

इंदौर/बीना | सागर जिले की बीना विधानसभा से विधायक निर्मला सप्रे पर एक युवक ने धमकी देने और अपशब्द कहने का आरोप लगाया है। खिमलासा गांव निवासी हरकिशन सेन ने शनिवार को इंदौर के परदेशीपुरा थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दी। हरकिशन सेन ने अपनी शिकायत में विधायक का नाम तो लिया, लेकिन उन्हें “विधायक” नहीं लिखा। पुलिस ने आवेदन की पावती देकर जांच की बात कही है।

हरकिशन ने बताया कि वह खिमलासा और आसपास के क्षेत्रों की गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कई वर्षों से प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 111 बार प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हाल ही में उन्होंने बीना क्षेत्र के मगरधा गांव की गोचर भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।

फेसबुक पर की थी पोस्ट

सेन के मुताबिक, इसी को लेकर उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट की थी। पोस्ट के कुछ समय बाद, शुक्रवार 4 जुलाई को दोपहर 1:20 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया, जो उन्होंने विधायक निर्मला सप्रे का बताया। हरकिशन का दावा है कि फोन पर उन्हें अपशब्द कहे गए और धमकी दी गई, यहां तक कहा गया कि “जूते मारूंगी।” हरकिशन सेन पूर्व में बजरंग दल में संयोजक रह चुके हैं और वर्तमान में गौ सेवा से जुड़े हैं। वे पिछले कई वर्षों से इंदौर में अपने जीजा के मेंस पार्लर पर काम कर रहे हैं।

बीना में चक्काजाम की चेतावनी

शिकायतकर्ता हरकिशन सेन ने कहा कि वे धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने घोषणा की कि मंगलवार को वे बीना के अंबेडकर चौराहे पर गौसेवकों के साथ चक्काजाम करेंगे। उनका कहना है कि गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp